इंदौर के द्वारकापुरी में सोमवार रात बर्थडे पार्टी में जमकर हंगामा हुआ। यहां पर देर रात तक डीजे बजाने को लेकर रहवासियों ने पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना की। शिकायत पर मौके पर पहुंची पुलिस से पार्टी कर रहे लोगो ने शराब के नशे में विवाद किया। इसके बाद थाने से पुलिस बल बुलाया गया। युवकों को थाने ले जाकर एसीपी ने सात लोगों पर प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई की बात कही है। एसीपी अन्नपूर्णा शिवेन्द्र जोशी ने बताया कि द्वारकापुरी के प्रजापत नगर में एक बच्चे के बर्थडे पार्टी का आयोजन राजू नाम के व्यक्ति ने सड़क पर किया गया था। जिसमें देर रात करीब 2 बजे शराब पीकर युवक तेज आवाज में डीजे बजा रहे थे। रात में रहवासियों ने परेशान होकर पुलिस कंट्रोल रूम पर शिकायत की। इस दौरान बीट के जवान पहुंचे तो शराब के नशे में युवक पुलिस का वीडियो बनाकर उन पर ही आरोप लगाने लगे। जिसके बाद अन्य थानों से बल भेजा गया। देर रात सभी को थाने लेकर आया गया। विवाद कर रहे युवकों पर प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस को वर्दी उतारने की धमकी मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को युवक वर्दी उतारने की धमकी देने लगा। युवकों ने पुलिस पर शराब पीने के साथ ही रुपए मांगने के आरोप लगाए। हालाकि एसीपी का कहना है कि देर रात जब पुलिस ने डीजे और पार्टी बंद कराई तो राजू और उसके साथी मनगढ़ंत आरोप लगा रहे थे। सभी पर मंगलवार को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।


