भास्कर न्यूज | अमृतसर श्री गुरु तेग बहादर साहिब जी की 350वीं शहादत के उपलक्ष्य में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा आयोजित नगर कीर्तन बुधवार को गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा चंद्रपुर से करीम नगर तेलंगाना के लिए रवाना हुआ। यह नगर कीर्तन गुरुद्वारा धोबारी साहिब असम से शुरू हुआ था। नगर कीर्तन के रवाना होने से पहले गुरुद्वारा साहिब में धार्मिक दीवान का आयोजन किया गया, जिसमें श्री दरबार साहिब के हजूरी रागी जत्थे ने गुरबाणी कीर्तन से संगत को निहाल किया। इस दौरान, सचखंड श्री हरमंदर साहिब के ग्रंथी सिंह साहिब ज्ञानी सुल्तान सिंह ने नौवें गुरु श्री गुरु तेग बहादर साहिब जी का जीवन परिचय साझा किया । नगर कीर्तन के प्रस्थान के समय गुरुद्वारा साहिब के आयोजकों ने पंज प्यारे साहिबानों और उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों को सिरोपा भेंट किया। इस दौरान रणजीत सिंह सलूजा के परिवार ने पालकी साहिब के लिए चंदोआ साहिब और रुमाला साहिब भेंट कर श्रद्धा व्यक्त की। इस ऐतिहासिक नगर कीर्तन के प्रति विभिन्न धर्मों के लोगों में गहरी श्रद्धा थी और श्रद्धालुओं ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब की पालकी पर पुष्प वर्षा की। रास्ते में, नगर कीर्तन का स्वागत बल्लारपुर, महाराष्ट्र के पूर्व विधायक सुभाष चंद्रराव धोटे और अरुण धोटे ने किया। इस दौरान, विभिन्न स्कूलों के बच्चे विशेष रूप से उपस्थित थे।


