जिला पंचायत कोरिया की सामान्य सभा की बैठक में जनहित के मुद्दों पर हुई चर्चा

भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर जिला पंचायत कोरिया की सामान्य सभा की बैठक बुधवार को हुई। बैठक में कोरिया जिला विभाजन के बाद मनेंद्रगढ़ में संचालित कोरिया जिले के कई कार्यालयों को कोरिया जिला में संचालित करने का प्रस्ताव पारित करने के साथ ही अन्य कई प्रस्ताव पारित किए गए। जिला मुख्यालय स्थित सभाकक्ष में अध्यक्ष मोहित राम पैकरा की अध्यक्षता में बैठक हुई। विभागीय अधिकारियों ने पिछली बैठक में उठाए गए विषयों पर हुई कार्रवाई की जानकारी सदन को दी। इसके बाद सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं और जनहित से जुड़े मुद्दे रखे, जिन पर गंभीरता से विचार किया गया। जिपं सीई डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने सदस्यों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए और कार्रवाई का प्रतिवेदन जल्द प्रस्तुत करने की बात कही। अध्यक्ष पैकरा ने आंगनबाड़ी केंद्रों के बारे में कहा कि ये केंद्र छोटे बच्चों की शिक्षा, पोषण और सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने सभी आंगनबाड़ी केंद्रों के आसपास साफ-सफाई पर विशेष जोर दिया। बैठक में जिला पंचायत सदस्य सुरेश सिंह ने जिला विभाजन से पूर्व मनेंद्रगढ़ में संचालित लोक निर्माण विभाग, रोजगार पंजीयन कार्यालय सहित अन्य जिला स्तरीय कार्यालयों को जल्द बैकुंठपुर में संचालित करने का प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव को सभा में सर्वसम्मति से पारित करते हुए शासन को भेजने का निर्णय लिया। सदस्य सौभाग्यवती सिंह ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित जमदुआरी घाट पर गिरे हुए पेड़ों को हटाने की मांग की। उन्होंने कहा कि ये पेड़ दुर्घटनाओं का कारण बन रहे है। जिपं सीईओ डॉ. चतुर्वेदी ने जानकारी दी कि पोड़ी क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में कई योजनाओं का हस्तांतरण लंबित है, जिससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि शासन से अनुमति प्राप्त होते ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। बैठक में उपाध्यक्ष वंदना राजवाड़े, सदस्य राजेश साहू, सुषमा कोराम, स्नेहलता उदय सहित अन्य सदस्य व विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर निर्णय लिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *