झालावाड़ पारंपरिक हाट एवं विरासत प्रदर्शनी का उद्घाटन:स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए किया जा रहा प्रदर्शन

झालावाड़ में जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र परिसर में ‘झालावाड़ पारंपरिक हाट एवं विरासत प्रदर्शनी’ का आयोजन किया गया। सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत आयोजित इस प्रदर्शनी का उद्घाटन जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने फीता काटकर किया। इसका उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना और ‘लोकल फॉर वोकल’ अभियान को प्रोत्साहन देना है। उद्घाटन के दौरान, जिला कलेक्टर ने प्रदर्शनी में लगी विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने सभी शहरवासियों से ‘लोकल फॉर वोकल’ के तहत स्थानीय उत्पादों को अधिक से अधिक खरीदने की अपील की। जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र के महाप्रबंधक शंभु सिंह रावत ने बताया कि प्रदर्शनी में जिले के ‘एक जिला एक उत्पाद’- कोटा स्टोन के विभिन्न उत्पाद, खादी उत्पाद, होम मेड उत्पाद, ड्रोन और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, जिले के विभिन्न औद्योगिक उत्पादों की स्टॉलें भी लगाई गई हैं। प्रदर्शनी का अवलोकन पॉलिटेक्निक कॉलेज, झालावाड़ और आईटीआई कॉलेज, झालावाड़ के विद्यार्थियों के साथ-साथ स्थानीय व्यक्तियों ने भी किया। विद्यार्थियों ने जिले के औद्योगिक उत्पादों और औद्योगिक विकास को करीब से जाना, जिससे उन्हें भविष्य में राज्य के आर्थिक विकास में भागीदार बनने की प्रेरणा मिली। इस अवसर पर पर्यटन अधिकारी सिराज कुरैशी, जिले के विभिन्न औद्योगिक संघों के प्रतिनिधि सोहन सिंह शक्तावत और बृजेन्द्र सिंह तंवर सहित कई प्रमुख उद्योगपति भी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *