डीडवाना उपखंड की ग्राम पंचायत कोलिया में ग्रामीण सेवा शिविर 2025 के दौरान एक महिला के राजस्व रिकॉर्ड में 10 साल पुरानी गलती सुधारी गई। सेवा पर्व पखवाड़ा शिविर में जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत के निरीक्षण के दौरान यह मामला सामने आया। ग्राम की सुवती देवी ने आवेदन कर बताया कि पिछले 10 वर्षों से राजस्व रिकॉर्ड में उनकी जाति ‘ब्राह्मण’ और नाम ‘सुवा देवी’ दर्ज था, जबकि उनकी वास्तविक जाति ‘जाट’ और नाम ‘सुवती देवी’ है। इस त्रुटि के कारण उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा था। जिला कलेक्टर ने तत्काल डीडवाना तहसीलदार ओमप्रकाश मेव को समस्या के समाधान के निर्देश दिए। तहसीलदार और राजस्व विभाग की टीम ने दस्तावेजों की जांच की और मौके पर ही रिकॉर्ड दुरुस्त कर सुवती देवी को सही प्रमाण पत्र सौंपा। वर्षों पुरानी गलती सुधरने पर लाभार्थी सुवती देवी ने मुख्यमंत्री, जिला प्रशासन और राजस्व विभाग का आभार व्यक्त किया और शिविर की सराहना की।


