धौलपुर में आत्महत्या के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। कौलारी और सदर थाना क्षेत्र में दो युवकों ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामलों की जांच शुरू कर दी है। पहला मामला कौलारी थाना क्षेत्र के नगला हरलाल गांव का है। यहां सियाराम (35) पुत्र गणेश ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल पहुंचाया। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मृतक का पोस्टमॉर्टम कराया। दूसरा मामला सदर थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद गांव से जुड़ा है। गांव निवासी नरेंद्र (23) पुत्र अतर सिंह ने देर शाम अपने कमरे में फंदा लगा लिया। परिजनों ने नरेंद्र को फंदे पर लटका देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में भिजवाया। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया है और घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है। इस संबंध में एएसआई गिरवर सिंह ने बताया कि दोनों मामलों की गहनता से जांच की जा रही है।


