भास्कर न्यूज | अमृतसर सांसद गुरजीत सिंह औजला ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर डा. मनमोहन सिंह की स्मारक स्थापित करने की अपील की है। वहीं, लोगों से अपील की है कि वे दिवंगत प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह के लिए जगह-जगह पर शोक सभाओं का आयोजन कर अपने बच्चों में प्रेरणा डाले कि वह डा. मनमोहन सिंह जैसे बनें। सांसद औजला ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह ने एक दूरदर्शी अर्थशास्त्री के रूप में राष्ट्र के लिए जो योगदान दिया, उस पर पूरा देश गर्व करता है। उनके देहांत के बाद उन्हें उसी तरह संरक्षित किया जाना चाहिए जैसे अन्य पूर्व प्रधानमंत्रियों को राजघाट पर यादगार बनाकर याद किया गया है। उन्होंने पत्र में कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू के लिए शांति वन, लाल बहादुर शास्त्री के लिए विजय घाट और अटल बिहारी वाजपेयी के लिए सदैव अटल जैसे स्मारक राष्ट्र के लिए उनकी सेवा को स्वीकार करने में सहायक रहे हैं। लेकिन यह चिंताजनक है कि भारत की आर्थिक विकास की कहानी में महत्वपूर्ण भूमिका के बावजूद डा. मनमोहन के लिए कोई समान श्रद्धांजलि की योजना नहीं बनाई गई।


