गांधी जयंती पर सिंगरौली में विधायक-कलेक्टर ने की सफाई:नेताओं ने लगाई झाड़ू, शहर को साफ-सुथरा रखने का लिया संकल्प

सिंगरौली जिले में गांधी जयंती के अवसर पर नगर निगम कार्यालय में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान में विधायक, कलेक्टर, निगम अध्यक्ष और नगर निगम का अमला शामिल हुआ। अभियान के दौरान नगर निगम कार्यालय परिसर में स्वच्छता का अभाव दिखा। बरसाती पेड़-पौधों ने नालियों को जाम कर रखा था। सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने फावड़ा उठाकर नालियों की सफाई की, जबकि निगम अध्यक्ष देवेश पांडे कचरा उठाते नजर आए। कलेक्टर चंद्रशेखर शुक्ला ने खरपतवार उखाड़कर सफाई में योगदान दिया। महिला नेत्रियों ने झाड़ू लगाकर परिसर को स्वच्छ किया। यह कार्यक्रम भले ही सांकेतिक था, लेकिन इससे नगर निगम के एक बड़े हिस्से की सफाई हुई। इस दौरान विधायक रामनिवास शाह, कलेक्टर चंद्रशेखर शुक्ला, निगम अध्यक्ष देवेश पांडे, आयुक्त सविता प्रधान और उपायुक्त सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। विधायक रामनिवास शाह ने कहा कि यह कार्यक्रम सांकेतिक है, लेकिन इसका संदेश समाज में जाना चाहिए कि स्वच्छता न केवल समाज के लिए, बल्कि हमारे लिए भी आवश्यक है। उन्होंने जोर दिया कि स्वच्छता से साफ-सुथरा वातावरण मिलता है और यह हमें कई बीमारियों से भी बचा सकती है। उन्होंने कहा कि यदि हम सब अपने आसपास सफाई रखने का दायित्व उठा लें, तो स्वच्छता अभियान की अवधारणा पूर्ण हो जाएगी। जिलेभर में गांधी जयंती के अवसर पर कई कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसकी शुरुआत सिंगरौली नगर निगम की सफाई से हुई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *