बैतूल के चोपना में राइस मिल बनाने का प्रस्ताव पारित:किसानों की सुविधा, स्थानीय उपार्जन, रोजगार सृजन सहित कई हितैषी निर्णय लिए गए

बैतूल जिले की प्राथमिक कृषि साख समिति चोपना की आमसभा में बुधवार को किसानों की सुविधा और स्थानीय स्तर पर धान प्रसंस्करण को बढ़ावा देने चोपना में राइस मिल स्थापित करने का प्रस्ताव पारित किया है। इस निर्णय से क्षेत्र के किसानों को अपनी उपज स्थानीय स्तर पर बेचने और प्रसंस्करण की सुविधा मिलेगी, जिससे समय और परिवहन लागत में बचत होगी। साथ ही, इससे रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। प्राथमिक कृषि साख समिति चोपना की आमसभा में वर्ष 2025-26 के लिए कई महत्वपूर्ण किसान हितैषी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। इनमें चोपना में एक नया बैंक खोलने का प्रस्ताव प्रमुख था, जिसे क्षेत्र में बैंक की आवश्यकता को देखते हुए रखा गया। इसके अतिरिक्त, खाद्य सामग्री की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने और ऋण राशि की सीमा बढ़ाने की मांग भी उठाई गई। किसानों ने प्रति हेक्टेयर धान उपज की गणना 100 क्विंटल किए जाने का सुझाव दिया। आंधी-धूल से खराब हुई धान का बीमा सभी किसानों को मिले, इसके लिए सर्वसम्मति से बीमा दिए जाने का प्रस्ताव पारित किया गया। देहरी आमढाना में धान उपार्जन का कार्य स्थानीय साख सहकारी समिति चोपना को देने का प्रस्ताव भी पारित हुआ। आमसभा में बाहर के उपार्जन को रोकने की मांग भी रखी गई। वर्ष 2024-25 में खराब बारदाने पर काटी गई राशि को समिति को वापस लौटाने का प्रस्ताव भी किया गया। नूतन डंगा में एक नया वेयरहाउस और खाद गोदाम बनाने की आवश्यकता जताई गई, जबकि हीराफर झोली में नया खाद केंद्र खोलने का निर्णय लिया गया। समिति चोपना के लिए पूंजी वेयरहाउस की बाउंड्री वॉल निर्माण और 10 हजार एमटी क्षमता वाला नया गोदाम बनाने पर भी चर्चा हुई। अंत में, समिति के कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि करने का प्रस्ताव भी आमसभा में पारित किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *