दशहरा के पावन पर्व पर गुरुवार को श्री खेंजड़ी बालाजी मंदिर में कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। श्री खेंजड़ी बालाजी सेवा समिति द्वारा बालाजी की प्रतिमा का गाय के दूध से अभिषेक किया गया। इस दौरान अखंड रामायण पाठ का भी आयोजन हुआ, जो पिछले आठ वर्षों से जन सहयोग से निरंतर चल रहा है। समिति के अध्यक्ष जितेंद्र गौड़ ने बताया कि खेंजड़ी महादेव का भी गाय के दूध से अभिषेक किया गया। पूजा-अर्चना के बाद आरती हुई और भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। दिनभर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन का लाभ लिया। इस अवसर पर समिति के कालूराम, करण सिंह राठौड़, ओम पाठक, प्रदीप कौशिक, जगदीश प्रजापति, सुरेंद्र कुमार परिहार, जयप्रकाश नामदेव, रमेश वैष्णव, ओम भारद्वाज, विपुल गौड़, धियांशी जोशी, ललित प्रजापत, दिलीप देवड़ा, बजरंग सिंह सहित कई भक्तों ने अभिषेक और अन्य कार्यक्रमों में भाग लिया। वहीं, जय माता दी मां भवानी सेवादल झालावाड़ के तत्वावधान में आयोजित नवरात्र महोत्सव का कार्यक्रम भी संपन्न हुआ। बस स्टैंड स्थित दुर्गा माता मंदिर में विधिवत पूजन-अर्चन के साथ महाप्रसादी का आयोजन किया गया। मां भवानी सेवादल के अध्यक्ष धर्मराज सिंह लाला एडवोकेट ने बताया कि यह नवरात्र महोत्सव पिछले 28 वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है। इस बार अधिक नवरात्र होने के कारण कार्यक्रम 1 अक्टूबर तक जारी रहा। माता रानी के दरबार में छप्पन भोग की झांकी सजाई गई। कार्यक्रम के दौरान भक्तों के लिए ज्ञान और भक्ति पर आधारित प्रश्नोत्तरी के साथ-साथ धार्मिक चेतना जगाने वाले प्रश्न लगातार पूछे गए। इसके बाद एक भव्य विसर्जन जुलूस निकाला गया, जिसमें घोड़े, बैंड-बाजे और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भक्तों ने माता के जयकारे लगाते हुए मंगलपुरा तक यात्रा की, जहां आकर्षक आतिशबाजी का नजारा देखने को मिला। 2 अक्टूबर को मंदिर परिसर में हवन एवं पूजन का कार्यक्रम विधिवत रूप से संपन्न हुआ।


