करौली में महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति करौली ने गुरुवार को महात्मा ज्योतिबा फुले उच्च माध्यमिक स्कूल परिसर में सर्वधर्म प्रार्थना सभा और श्रमदान का आयोजन किया। यह कार्यक्रम जिला समन्वयक प्रेमसिंह माली और उप समन्वयक फूलसिंह बांधवा के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ गांधीवादी विचारकों, समाजसेवियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों द्वारा महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके उपरांत सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन हुआ। जिला समन्वयक प्रेमसिंह माली ने कहा कि गांधीजी और शास्त्रीजी का जीवन सादगी, ईमानदारी, संयम और राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने जोर दिया कि इन मूल्यों को अपनाने से समाज और देश दोनों को नई दिशा मिल सकती है। प्रार्थना सभा के समापन के बाद श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें स्कूल परिसर और उसके आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की गई। इस अवसर पर करौली ब्लॉक समन्वयक घनश्याम लोधा, समय सिंह मीणा, उम्मेदसिंह बेचैन, रामगोपाल माली, पन्नूसिंह, प्रधानाचार्य धर्मसिंह जेरिया, व्याख्याता माहिर खान, हरिसिंह मीणा, नरेश कुमार जाटव, अखिलेश शर्मा, शिवकुमार सैनी, हेमेंद्र कुमार, नरेश, गिरीश भारद्वाज, आमिर, घनश्याम शुक्ला, कोमल शर्मा, सोनिया गोयल, अमित जंगम, ममता, राजकुमारी सैनी सहित स्कूल का समस्त स्टाफ और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।


