बीकानेर में मौसम एक बार फिर बदला है। गुरुवार को दोपहर बाद बादल छाने से तापमान में गिरावट आई है।
हल्की बूंदाबांदी के साथ ही बारिश होने के आसार है। मौसम विभाग ने भी बीकानेर संभाग के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कुछ भागों में हल्की मध्यम बारिश 3-4 दिन जारी रह सकती है। 5 से 7 अक्टूबर के दौरान पुनः बारिश हो सकती है। बीकानेर, जोधपुर, उदयपुर, अजमेर व जयपुर संभाग में कहीं-कहीं पर मेघ गर्जन के साथ तेज हवाएं और भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है।
पूरे राज्य में ही हल्की बारिश का मौसम 7 अक्टूबर तक चलेगा। ऐसे में तापमान में गिरावट के चलते गर्मी नहीं होगी। बीकानेर संभाग के साथ ही बीकानेर जिले में भी बारिश की उम्मीद जताई गई है। किसान नहीं चाहते बारिश
उधर, किसान अब मानसून के बाद बारिश नहीं चाहते। पिछले दिनों हुई बारिश के बाद कोलायत सहित अनेक क्षेत्रों में नुकसान हुआ है। कोलायत से नोखा के बीच भी खेतों में खड़ी फसल बर्बाद हो गई। किसानों ने इस मामले में फसल बीमा की राशि देने की मांग उठाई है।
बड़ी संख्या में किसानों ने फसल काटकर खेतों में रखी हुई है। बारिश में कटी फसल भी खराब हो सकती है। मौसम विभाग ने भी इन दिनों में फसल को अलग व सुरक्षित रखने की सलाह दी है।


