सिरोही में गांधी जयंती पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा:महात्मा गांधी और शास्त्री को याद किया, प्रिय भजन गाए गए

सिरोही जिला मुख्यालय स्थित गांधी पार्क में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में सांसद लुंबाराम चौधरी, जिला प्रमुख अर्जुनराम पुरोहित और जिला कलेक्टर अल्पा चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की तस्वीरों पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। सांसद लुंबाराम चौधरी ने अपने संबोधन में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के सिद्धांतों को अपनाने, स्वदेशी को बढ़ावा देने और स्वच्छता का प्रसार कर देश को स्वच्छ बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को स्वच्छ बनाने और स्वदेशी अपनाने के लिए सभी को प्रेरित किया जा रहा है। जिला प्रमुख अर्जुनराम पुरोहित ने महात्मा गांधी के शांति, प्रेम और भाईचारे के संदेश को अपनाकर देश को एकजुट करने पर जोर दिया। उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री की सादगी की भी सराहना की। कलेक्टर अल्पा चौधरी ने कहा कि दोनों महापुरुषों के सिद्धांत आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने सभी से उनके पदचिन्हों पर चलकर देश को प्रगति के पथ पर आगे ले जाने का आग्रह किया। सर्वधर्म प्रार्थना सभा में विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों ने प्रार्थनाएं कीं। इस दौरान महात्मा गांधी के प्रिय भजन ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’, ‘रघुपति राघव राजा राम’, ‘मैली चादर ओढ़ के कैसे’ और ‘ज्योति कलश छलके’ भी गाए गए। ये प्रस्तुतियां दिलीप कश्यप, रमेश कोठारी, बीके अरुणा, राजेश बारबर और मोहम्मद अनवर रजा ने दीं। कार्यक्रम के अंत में दो मिनट का मौन भी रखा गया।

कार्यक्रम में सांसद लुंबाराम चौधरी ने उपस्थित सभी को गंदगी को दूर करके भारत माता की सेवा करने, स्वच्छता के प्रति सजग रहने और समय देने,हर वर्ष 100 घंटे श्रमदान करने, गंदगी न करने और न करने देने, गांव-गांव और गली-गली स्वच्छ भारत मिशन का प्रचार कर देश को स्वच्छ बनाने की स्वच्छता शपथ दिलाई। कार्यक्रम में स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई कार्मिकों का सम्मान किया गया। भारत स्काउट गाइड राजकीय महिला महाविद्यालय की 3 गाइड को राज्य पुरस्कार व प्रमाण पत्र वितरण किया गया। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ राजेश गोयल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रकाश चंद अग्रवाल, उपखंड अधिकारी हरिसिंह देवल, तहसीलदार जगदीश विश्नोई, शिक्षा विभाग के सहायक निदेशक अजय माथुर, वाटरशेड एसई संजय कुमार दवे, जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र के महाप्रबंधक सहीराम विश्नोई, घनश्याम व्यास सहित अन्य मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *