भास्कर न्यूज| सूरजपुर नए साल के मौके पर नशे में या रैश ड्राइविंग पर सख्ती बरतने प्रमुख स्थानों, चौक-चौराहों, पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए है। एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों की बैठक ली और पूरे जिले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले के सीएसपी, एसडीओपी सहित थाना-चौकी प्रभारियों को 31 दिसम्बर के रात्रि 7 बजे से रात्रि 1 बजे तक प्रभावी रूप से पैदल गश्त व पेट्रोलिंग करने, फिक्स प्वाईंट पर सजगता से चेकिंग करने, ड्रंक एंड ड्राईव और यातायात नियमों के उल्लघंन पर कार्रवाई तथा नए साल में जिले के सभी पिकनिक स्थलों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस के अधिकारी व जवानों की ड्यूटी लगाई है। असामाजिक तत्वों की प्रत्येक गतिविधियों पर सूरजपुर पुलिस की विशेष पैनी नजर रहेगी। बैठक में एएसपी संतोष महतो व थाना प्रभारीगण सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने बताया कि इस दौरान ड्रंक एंड ड्राइव, रैश ड्राइविंग, दो पहिया वाहन में तीन सवारों की चेकिंग की जाएगी। इसके लिए जिले के थाना क्षेत्र में 22 चेकिंग प्वाइंट बनाए गए हैं। 1 जनवरी को दोपहर 12 बजे से रात्रि 9 बजे तक चेकिंग की जाएगी। ऐसे में नशे में या नियमों का उल्लंघन करते पकड़े जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी ने बताया कि शराब पीकर वाहन चलाने, स्टंट करने और सड़क पर हुड़दंग मचाने वालों से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस के अधिकारी व जवानों की तैनाती के साथ ही पेट्रोलिंग पाटी का गठन किया गया है जो चिन्हांकित स्थानों व मार्गो पर निगरानी रखेंगे। इसके अलावा सभी सीएसपी/एसडीओपी भी चौक-चौराहों पर सक्रिय होकर ड्यूटी करेंगे और सुरक्षा व्यवस्था को दुरूस्त रखेंगे। नए वर्ष के स्वागत के दौरान जिले के पिकनिक स्पॉट पर पुलिस बल की तैनाती की गई है।


