बुरहानपुर में विजयादशमी पर गुरुवार को जिले का सबसे बड़ा दशहरा उत्सव रेणुका माता मंदिर के सामने दशहरा मैदान पर हुआ। यहां दशहरा उत्सव समिति ने 51 फीट ऊंचे रावण का दहन किया। इस भव्य आयोजन को देखने 20 हजार से ज्यादा लोगों की भीड़ उमड़ी और मैदान “जय श्रीराम” के नारों से गूंज उठा। जैसे ही रावण में आग लगाई गई, आकाश आतिशबाजी से जगमगा उठा और हजारों दर्शकों ने तालियां बजाकर उत्सव का आनंद लिया। आयोजन स्थल पर भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस ने जगह-जगह बैरिकेड्स लगाए और पार्किंग की अलग-अलग व्यवस्था की। इस मौके पर खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटील, विधायक अर्चना चिटनिस, महापौर माधुरी अतुल पटेल, कांग्रेस नेता अजय सिंह रघुवंशी, पूर्व विधायक हमीद काजी, ठाकुर सुरेंद्र सिंह शेरा भैया और रिंकू टाक सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। उधर, नेपानगर में भी विजयादशमी पर रावण दहन हुआ। यहां नेहरू स्टेडियम ग्राउंड में 35 फीट ऊंचे रावण का दहन रात 9 बजे किया गया। आयोजन के दौरान पिछले 10 दिनों से लगे मेले में भारी भीड़ जुटी और आतिशबाजी से माहौल रोमांचक हो गया।


