भास्कर न्यूज | फाजिल्का सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार में जुटी राष्ट्रवादी विचार मंच द्वारा स्थानीय अग्रवाल कम्युनिटी हॉल में विजयदशमी एवं शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रमुख समाजसेवी एडवोकेट राजेंद्र पाल चुचरा ने की और किरनजीत कौर अरोड़ा, अध्यक्ष जिला उपभोक्ता शिकायत निवारण कमीशन फिरोजपुर, मुख्य अतिथि रहे। सर्वश्री डॉ विवेक मुंजाल, डॉ नीलू चुघ, अश्विनी बब्बर, एडवोकेट कामेश्वर गुंबर, एडवोकेट दीपक छाबड़ा, प्रमुख समाजसेवी बंटी पटवारी एवं आईडीबीआई बैंक फाजिल्का के शाखा प्रबंधक भूदेव गोड़ कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम की शुरुआत संजीव बबलू और विजय नरूला एंड पार्टी के भजन गायन और सामूहिक हनुमान चालीसा के पाठ से हुई। विद्वान पंडित रामस्वरूप शास्त्री और उनके शिष्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शस्त्र पूजन किया। संस्था ने आत्म वललभ पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर रमन वाटस, प्रिंसिपल संगीता तिन्ना, और होली हारट पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल रितु को धर्मध्वज रक्षक सम्मान देकर उनके सनातन धर्म में योगदान की सराहना की। संस्था के संस्थापक रोशन वर्मा ने शस्त्र पूजन के महत्व और धर्म एवं देश की वर्तमान चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए जनता को अपने बच्चों और समाज में धर्म के उच्च संस्कार पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने भगवान श्री राम, गुरु गोविंद सिंह, महाराणा प्रताप और शिवाजी का उदाहरण देते हुए धर्म और देश की रक्षा का संकल्प करने का आग्रह किया।


