भास्कर न्यूज | फाजिल्का सरकारी कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल में एडमिन ब्लॉक, ऑडिटोरियम और अन्य निर्माण कार्य पूरे कर विद्यार्थियों को समर्पित किए गए। विधायक नरिंदर पाल सिंह सवना ने कहा कि सरकार शिक्षा के क्षेत्र को ऊंचाई देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी तहत जहां स्कूलों का नवीनीकरण किया जा रहा है, वहीं स्कूलों को आधुनिक तकनीक से सुसज्जित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस स्कूल में 13.10 लाख रुपए की लागत से साइंस लैब, 9.51 लाख की लागत से क्लासरूम, 5.50 लाख की लागत से ऑडिटोरियम और 5.53 लाख रुपए की लागत से एडमिन ब्लॉक बनाकर लगभग 33.64 लाख रुपए के कार्य पूरे किए गए हैं, जिनसे विद्यार्थियों को काफी लाभ मिलेगा। इसके अलावा एक जनरेटर के लिए 5 लाख रुपए का दान भी प्राप्त हुआ है। इससे जहां बच्चों का खेलों के प्रति उत्साह बढ़ेगा, वहीं पढ़ाई करना और भी आसान हो जाएगा। इसके बाद विधायक नरिंदर पाल सिंह सवना की धर्मपत्नी खुशबू सावनसुखा सवना ने कहा कि शिक्षा एक बहुत ही अनमोल ज्ञान है। इस ज्ञान को प्राप्त करके जहां हमारे बच्चे शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ेंगे, वहीं शिक्षा के सुधार से हमारे जिले का भी नाम रोशन होगा। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा इस स्कूल में किए गए ये विकास कार्य सराहनीय हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में फाजिल्का के सरकारी स्कूल और ऊंचाइयों को प्राप्त करेंगे और बच्चों के सपने यहीं से पूरे होंगे। इस मौके पर डीईओ (सीनियर सेकेंडरी) अजय शर्मा, डिप्टी डीईओ (प्राइमरी) परविंदर सिंह, स्कूल ऑफ एमिनेंस फाजिल्का के प्रिंसिपल हरि चंद कंबोज, करनीखेड़ा के प्रिंसिपल मंजू ठकराल, सरकारी कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल की प्रिंसिपल स्वतंत्र पाठक, एमसी शामलाल गांधी, जिला प्रधान महिला विंग अलका जुनेजा, हरमंदर सिंह बराड़, बंसी सामा, विजय नागपाल, बॉबी सेतिया, गौरव कंबोज, शेखर, कुसमलता, सोमा रानी और चेयरमैन एसएमसी सदस्य सहित स्कूल स्टाफ भी मौजूद रहा।


