भास्कर न्यूज| धमतरी बंगाली समाज में पांच दिवसीय दुर्गा पूजा का उल्लासपूर्ण आयोजन किया गया। महादशमी के अवसर पर दोपहर 1 बजे प्रतिमा विसर्जन की रस्म पूरी हुई। इसके बाद समाज की महिलाओं ने मां दुर्गा को सिंदूर अर्पित किया। एक-दूसरे के साथ सिंदूर खेल में शामिल होकर उत्सव की शुभकामनाएं साझा कीं। शहर के विवेकानंद नगर स्थित महाराणा परिसर में बंगाली समाज द्वारा दुर्गोत्सव का आयोजन किया गया था। 1 अक्टूबर को महानवमी के दिन हवन और पूजन हुए। अगले दिन महादशमी पर प्रतिमा विसर्जन की परंपरा निभाई गई। महिलाओं ने मां दुर्गा पर सिंदूर चढ़ाकर उस सिंदूर को घर लेकर जाने की परंपरा निभाई, जिससे वे सालभर अपनी मांग सजाती हैं। सिंदूर खेल के दौरान महिलाओं ने देवी दुर्गा की प्रतिमा की परिक्रमा करते हुए पारंपरिक गीत-संगीत पर नृत्य किया और भक्ति में डूबी रहीं। इसके पश्चात दुर्गा विसर्जन यात्रा का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर बंगाली समाज के अध्यक्ष संजय भट्टाचार्य, दिनेश डे, मृत्युंजय कर, सुभाष मलिक, मधुमिता डे, बैना दत्ता, सपना शाह, पम्पा कर, मुक्तानाग चौधरी, सुजीत नाग चौधरी, विश्वरंजन सरकार, देबू पाटिकर, आशीष पाटिकर, दिनेश विश्वास सहित समाज के अनेक सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


