पाकिस्तानी क्रिकेटर ने कमेंट्री में आजाद कश्मीर कहा, सफाई दी:PAK विमेंस टीम की पूर्व कप्तान बोलीं- मैं परिचय दे रही थी, बयान राजनीतिक नहीं

पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान सना मीर ने कमेंट्री के दौरान पाक अधिकृत कश्मीर (POK) को आजाद कश्मीर कहने पर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि उनका मकसद कोई राजनीतिक बयान देना नहीं था। उनकी बातों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है। सना ने पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच बुधवार को हुए विमेंस वर्ल्ड कप मैच के दौरान एक खिलाड़ी का परिचय देते हुए उसे आजाद कश्मीर का बताया था। मैच कोलंबो में हुआ था। कश्मीर के कुछ हिस्से पर पाकिस्तान ने अवैध कब्जा कर रखा है। पाकिस्तान में इस हिस्से को आजाद कश्मीर कहा जाता है। हालांकि, इस नाम को अंतरराष्ट्रीय मान्यता नहीं है। सना का दावा- खेल से जुड़े लोगों पर दबाव डाला जा रहा
भारतीय मीडिया और सोशल मीडिया पर कड़ी आलोचना होने के बाद सना को सफाई देनी पड़ी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा- यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कैसे चीजों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है और खेलों से जुड़े लोगों पर दबाव डाला जा रहा है। यह दुखद है कि इसके लिए सार्वजनिक स्तर पर स्पष्टीकरण की आवश्यकता है। एक पाकिस्तानी खिलाड़ी के होमटाउन के बारे में मेरी टिप्पणी का मकसद केवल यह बताना था कि पाकिस्तान के एक खास क्षेत्र से आने के कारण उसे किन चुनौतियों का सामना करना पड़ा और उसका सफर कैसा रहा। उन्होंने आगे लिखा, यह उस कहानी का हिस्सा है जो हम कमेंटेटर के तौर पर बताते हैं कि खिलाड़ी कहां से आते हैं। मैंने आज दूसरे क्षेत्रों से आने वाले दो अन्य खिलाड़ियों के लिए भी ऐसा ही किया। सना मीर ने लिखा, कृपया इसका राजनीतिकरण न करें। एक कमेंटेटर के तौर पर, हमारा काम खेल, टीमों और खिलाड़ियों पर ध्यान केंद्रित करना है, और उनके साहस और दृढ़ता की कहानियों को बताना है। क्या कहा था सना मीर ने
पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच मैच के दौरान सना मीर ने नतालिया परवेज का परिचय कराते हुए POK को आजाद कश्मीर कहा था। सना ने कहा था- नतालिया जो आजाद कश्मीर से आती हैं लाहौर में काफी क्रिकेट खेलती हैं। उन्हें अपना ज्यादातर क्रिकेट खेलने के लिए लाहौर आना पड़ता है। पाकिस्तान के मैच श्रीलंका में क्यों हो रहे
इस समय चल रहे विमेंस वर्ल्ड कप का मेजबान भारत है। सिर्फ पाकिस्तान टीम के मुकाबले श्रीलंका में खेले जा रहे हैं। बाकी सभी मैच भारत में हो रहे हैं। यह भारत और पाकिस्तान के बीच तय हुए हाइब्रिड मॉडल का नतीजा है। इस मॉडल के तहत अगर पाकिस्तान किसी ICC टूर्नामेंट की मेजबानी करता है तो भारतीय टीम अपने मैच खेलने पाकिस्तान नहीं जाएगी। भारत के मैच किसी न्यूट्रल वेन्यू पर होंगे। इसी तरह अगर भारत मेजबानी करता है तो पाकिस्तानी टीम भारत नहीं आएगी। पाकिस्तान के मैच न्यूट्रल वेन्यू पर होंगे। इसी मॉडल के तहत फरवरी-मार्च में हुई चैंपियंस ट्रॉफी के मैच खेलने भारतीय पुरुष टीम पाकिस्तान नहीं गई थी। भारत के मैच UAE में हुए थे। इसी तरह अब विमेंस वर्ल्ड कप का मैच खेलने पाकिस्तान की टीम भारत नहीं आई है। उसके मैच श्रीलंका में हो रहे हैं। इसी तरह अगले मेंस टी-20 वर्ल्ड कप में भी भारत मेजबान है। तब पाकिस्तान के मैच श्रीलंका में ही होंगे। भारतीय टीम पाकिस्तानी प्लेयर्स से हाथ नहीं मिलाएगी
विमेंस वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान का मुकाबला 5 अक्टूबर को होगा। इस मैच में भी भारतीय खिलाड़ी पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाएगी। भारतीय मेंस खिलाड़ियों ने हाल में संपन्न हुए एशिया कप में भी यही स्टैंड अपनाया था। भारत का यह स्टैंड पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में आया है। 22 अप्रैल को कश्मीर के पहलगाम में पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों ने 26 लोगों की धर्म पूछकर हत्या कर दी थी। इसके बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर आतंकवादियों और उनके आकाओं को करारा जवाब दिया था। इसके बाद BCCI ने भी फैसला किया कि भारतीय खिलाड़ी अब किसी मल्टीनेशनल टूर्नामेंट में पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *