शाहपुरा में शुक्रवार को निजी स्कूल संचालकों ने उपखंड अधिकारी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने भरतपुर में हुई घटना के विरोध में संबंधित थानाधिकारी पर कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर राज्य के डीजीपी के नाम उपखंड अधिकारी सुनील कुमार मीणा को ज्ञापन सौंपा। स्कूल शिक्षा परिवार संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि भरतपुर के खेड़ली मोड़ थाना क्षेत्र में एक निजी स्कूल संचालक के साथ मारपीट की गई। थानाधिकारी ने एक छात्र की टीसी कटवाने के लिए प्रार्थना पत्र मांगा था, जिसके बाद यह विवाद बढ़ गया। शर्मा के अनुसार, थानाधिकारी ने स्कूल संचालक के साथ विधि विरुद्ध मारपीट की और उसे शांति भंग के आरोप में धारा 151 के तहत गिरफ्तार कर लिया। संघ का कहना है कि स्कूल संचालक सरकारी नियमों का पालन कर रहा था, इसके बावजूद उसके साथ यह अवैध कार्रवाई की गई, जो अनुचित है। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान संघ के शिवकुमार छिपा, इलियास खान प्रतापपुरा, द्रोण पब्लिक स्कूल के विजय राजोरा, अजय सिंह, परमेश्वर सुथार, हरिशंकर नायक और जगदीश सिंह राजपूत सहित कई सदस्य मौजूद रहे।


