फलोदी के पिंजरापोल गौशाला में अहिंसा दिवस:एसडीएम पूजा चौधरी और साध्वियों ने आधुनिक चारा ठाण का शुभारंभ किया

फलोदी की पिंजरापोल गौशाला में अहिंसा दिवस के मौके पर गोवंश के लिए आधुनिक चारा ठाण का उद्घाटन किया गया। ये उद्घाटन साध्वी अभ्युदया महाराज, साध्वी स्वर्णोदया और साध्वी सत्वोदया की उपस्थिति में एसडीएम पूजा चौधरी ने किया। श्री ओसवाल गो सेवा सदन पिंजरापोल के अध्यक्ष रविंद्र कुमार जैन ने बताया- इस चारा ठाण को गोवंश की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। इसमें गायों के चारा खाते समय गिरने की संभावना काफी कम है, जिससे ये पूरी तरह से आधुनिक और सुरक्षित है। इस आधुनिक व्यवस्था के निर्माण के लिए आर्थिक सहयोग हैदराबाद जैन संघ द्वारा प्रदान किया गया। ये काम फलोदी नगर की साध्वी रत्ना और तपोरत्ना सुलक्षणा की पुण्य स्मृति में, पार्श्वमणि तीर्थ प्रेरिका गणिनी प्रवरा सुलोचना की प्रेरणा से संपन्न हुआ। इस मौके पर गौशाला में गायों को लापसी, पौष्टिक आहार गट्टा और चारा खिलाकर अहिंसा दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में पिंजरापोल कार्यकारिणी के सदस्यों के साथ जैन समाज के कई दानदाता, कार्यकर्ता और सहयोगी उपस्थित रहे। श्री फलोदी सकल जैन संघ और श्री फलोदी खरतरगच्छ जैन संघ द्वारा आयोजित तीन दिवसीय अर्हद महापूजन महोत्सव के सफल आयोजन के उपलक्ष्य में भी विभिन्न दानदाताओं ने धनराशि भेंट की। ये राशि साध्वी अभ्युदया आदि ठाणा की प्रेरणा से अन्य निर्माण कार्यों में उपयोग की जाएगी। मुख्य लाभार्थियों में सुंदरी बाई विजयचंद वैद और बगतावर मल कोचर परिवार शामिल रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *