शिवपुरी में बेटे को मारने वालों की गिरफ्तारी की मांग:एसपी ऑफिस पहुंची मां बोली- आरोपी खुलेआम घूम रहे; सुरक्षा की अपील

शिवपुरी जिले के नरवर थाना क्षेत्र के ग्राम कांकर निवासी मीराबाई कोली ने पुलिस अधीक्षक से अपने बेटे के हत्यारोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने शुक्रवार को इस संबंध में एक ज्ञापन सौंपा। मीराबाई के अनुसार, 29 सितंबर 2025 को उनके बेटे राजकिशोर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जबकि दूसरा बेटा वीरेंद्र कोली गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस मामले में राजू कोली, ओमप्रकाश कोली, सुंदर सिंह कोली, मलखन कोली और मनीष कोली को आरोपी बनाया गया है। नरवर थाने में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है, लेकिन अब तक उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी खुलेआम गांव में घूम रहे हैं और उनके घर आकर गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने नरवर पुलिस पर आरोपियों को संरक्षण देने और पकड़कर छोड़ने का आरोप भी लगाया, जिससे उनके हौसले बुलंद हैं। जानकारी के अनुसार, डेढ़ साल पहले आरोपी पक्ष ने घायल वीरेंद्र कोली पर छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराया था। तब से दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी। वीरेंद्र को इस मामले में जेल भी जाना पड़ा था, हालांकि कुछ समय पहले वह केस समाप्त हो गया था। इसी पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने हाल ही में गोलियां चलाईं, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया। मीराबाई ने पुलिस अधीक्षक से अनुरोध किया है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और उनके परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *