कुशलगढ़ मार्ग पर रात को राहगीरों और वाहनों पर पथराव कर लूटपाट करने वाले शातिर को कलिंजरा थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार देर रात 12 बजे थाने पर सूचना मिली कि भोयण से कुशलगढ़ जाने वाले मार्ग पर एक बदमाश आने-जाने वाले वाहनों पर पथराव कर रहा है। पुलिस ने टीमेड़ा मोड़ भोयण निवासी लक्ष्मण पुत्र मांगू पारगी (24) को गिरफ्तार किया है। पथराव होने की सूचना मिली थी पुलिस के अनुसार, 3 अक्टूबर की रात सूचना पर पुलिस बल के साथ टिमेडा मोड़ पहुंचे थे, जहां 10-12 लोग पहले से मौजूद थे। उन्होंने बताया कि आगे जाने पर पथराव हो रहा है, जिस वजह से वे सब वापस लौट आए। पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए क्षेत्र की तलाशी शुरू की। इसी दौरान झाड़ियों में हलचल देख संदेह हुआ, पास जाकर देखा तो एक युवक घास में छिपने का प्रयास कर रहा था, जो पुलिस को देखकर भागने लगा। घेराबंदी कर उसे पकड़ा गया। पत्थर मार कर 1500 रुपए छीने थे वहीं मौके पर मौजूद कुछ बाइक सवारों ने आरोपी की पहचान करते हुए बताया कि इसी युवक ने उन पर भी पथराव किया था। इसी दौरान टोडी टिमेड़ा बड़ा के कार चालक भूपेंद्र सिंह परिवार के साथ आया और बताया कि वह बांसवाड़ा में दशहरा मेला देखकर घर जा रहे थे कि टिमेडा मोड़ के पास एक बदमाश ने उनकी कार पर पत्थर मारा और 1500 रुपए छीन लिए। आरोपी ने खुद को भोयण टिमेड़ा का लक्ष्मण पुत्र मागू पारगी बताया। पिकअप पर भी पथराव इसी तरह बहादुर सिंह ने भी रिपोर्ट दी कि टिमेड़ा रोड पर उसकी पिकअप पर पत्थर मारा, जिससे आगे का शीशा टूट गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी सुधीर जोशी, एएसपी डॉ. राजेश भारद्वाज के निर्देशन और डिप्टी संदीप सिंह के सुपरविजन में उप निरीक्षक गोपालसिंह के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए आरोपी लक्ष्मण को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने शराब के नशे में वारदात को अंजाम देना कबूला। आरोपी लक्ष्मण ने बताया कि वह रात के अंधेरे में घास की ओट लेकर वाहनों पर पत्थर फेंकता था और लोगों को डराकर पैसे लूटता था।


