बगोदर | दुर्गा पूजा के अवसर पर खोरठा जनभाषा शिक्षण एवं शोध केंद्र, बगोदर की ओर से बस स्टैंड परिसर में 2-3 अक्टूबर को दो दिवसीय खोरठा कविताओं की पोस्टर और पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। यह आयोजन खोरठा मनीषी श्रद्धेय डॉ. ए.के. झा की स्मृति को समर्पित था। उद्घाटन सहायक अध्यापक संघ गिरिडीह के जिला अध्यक्ष नारायण महतो ने किया। प्रदर्शनी में खोरठा के प्रसिद्ध रचनाकारों में डॉ. एके झा, डॉ. बीएन ओहदार, श्रीनिवास पानुरी, गिरधारी गोस्वामी आकाशखूंटी, फाल्गुनी मरिक कुशवाहा, महेंद्र प्रबुद्ध और संदीप कुमार महतो की चुनिंदा कविताएं पोस्टर के रूप में प्रदर्शित की गईं। साथ ही, कक्षा 8वीं से लेकर पीजी स्तर तक की खोरठा की पुस्तकें भी प्रदर्शनी में रखी गईं। नारायण महतो ने मातृभाषा खोरठा को स्कूली शिक्षा में शामिल करने, शिक्षकों की नियुक्ति और पुस्तक उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की। आयोजन में प्रो. हेमलाल महतो, विभा पुष्पा दीप, जितेंद्र महतो, नीलकंठ महतो, हिमांशु रंजन, पप्पू कुमार,रूपेश की सक्रिय भूमिका रही।


