दतिया में राधावल्लभ मंदिर परिसर को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। काले महादेव निवासी एडवोकेट मनोज गुप्ता (सेठ) ने सेंवढ़ा विधायक प्रदीप अग्रवाल और उनके समर्थकों पर कब्जे की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में एडवोकेट गुप्ता ने शनिवार दोपहर एसपी ऑफिस पहुंच कर एएसपी सुनील कुमार शिवहरे को शिकायती आवेदन भी सौंपा। उन्होंने पुलिस से अपनी और परिवार की जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई। घटना 29 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे की है। एडवोकेट मनोज गुप्ता ने बताया कि सेंवढ़ा विधायक प्रदीप अग्रवाल अपने समर्थकों के साथ गांधी रोड स्थित ठाकुर राधावल्लभ मंदिर पहुंचे और उन्हें परिवार समेत मंदिर परिसर खाली करने की चेतावनी दी। आरोप है कि विधायक ने कहा, 5 अक्टूबर तक मंदिर खाली कर दो, वरना 40-50 लोगों के साथ आएंगे और सामान बाहर फेंक देंगे। मंदिर से बेदखल करने की साजिश रचने का आरोप
पीड़ित एडवोकेट का कहना है कि विधायक और उनके साथियों की धमकी के बाद परिवार में दहशत का माहौल है। उन्होंने बताया कि पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। एडवोकेट गुप्ता ने सीसीटीवी फुटेज के कुछ फोटोग्राफ भी पुलिस को सबूत के तौर पर सौंपे हैं। एडवोकेट गुप्ता का आरोप है कि विधायक खुद को राधावल्लभ मंदिर ट्रस्ट का अध्यक्ष बताते हैं, जबकि उनके सहयोगी राजेश सेठ, सुभाष सिजरिया, वंशगोपाल सिजरिया और राधामोहन सिजरिया खुद को ट्रस्ट के सदस्य बता रहे हैं। सभी मिलकर उन्हें मंदिर से बेदखल करने की साजिश रच रहे हैं। इस के अलावा उन्हें फर्जी मुकदमों में फंसाने और जबरन मंदिर से निकालने की धमकियां दी जा रही हैं। एएसपी सुनील कुमार शिवहरे ने बताया कि मामला राजस्व और मंदिर ट्रस्ट से जुड़ा है। फिर भी मामले की जांच कराई जाएगी। वहीं मामले की लेकर जब विधायक प्रदीप अग्रवाल से बात करनी चाही तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।


