हजारीबाग के केरेडारी थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने ज्वेलरी दुकानदार कुलदीप सोनी के घर से 1 करोड़ 41 लाख 70 हजार रुपए की संपत्ति चोरी कर ली। यह घटना ओमे गांव स्थित जूनियर किड्स स्कूल के सामने कल शाम हुई। चोरों ने घर का दरवाजा और अलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और नगदी पर हाथ साफ किया। कुलदीप सोनी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि दुकान बंद होने पर वे कीमती जेवरात घर में ही रखते थे। चोरी हुए सामान में 22 और 18 कैरेट के सोने के मंगलसूत्र, चेन, लॉकेट, झुमके सहित लगभग 1 करोड़ 30 लाख रुपए के आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा, पत्नी और उनके निजी उपयोग के करीब 10 लाख रुपए के जेवर तथा 1 लाख 70 हजार रुपए नकद भी चोरी हुए हैं। परिवार के सदस्यों ने बताया कि घटना के दिन शाम करीब 4:30 बजे वे दुर्गा पूजा का मेला देखने सलगा गए थे। शाम 6 बजे लौटने पर उन्हें चोरी का पता चला। इस बीच, शाम 5:15 बजे दूध देने पहुंचे गुदुन सिंह ने घर का ताला टूटा और दरवाजा खुला देखा। उन्होंने तुरंत पड़ोसियों को सूचित किया, जिसके बाद परिवार के लौटने पर चोरी की पुष्टि हुई। घटना की सूचना मिलते ही केरेडारी पुलिस सक्रिय हो गई है। थाना प्रभारी विवेक कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही इसका खुलासा कर लिया जाएगा। पुलिस आसपास के इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही है और चोरों तक पहुंचने के लिए तकनीकी सहायता भी ले रही है। इस वारदात से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।


