झाबुआ में विश्व हिंदू परिषद की मातृ शक्ति और दुर्गावाहिनी ने शनिवार को पेटलावद में सिंदूर शौर्य यात्रा निकाली। यह आयोजन नवरात्रि के अवसर पर किया गया, जिसमें प्रांत उपाध्यक्ष डॉ. माला सिंह ठाकुर इंदौर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। कार्यक्रम के बाद दुर्गावाहिनी और मातृ शक्ति की बहनों ने कतारबद्ध होकर नगर के प्रमुख मार्गों पर पथ संचलन निकाला। नगर परिषद के मंच से अध्यक्ष प्रतिनिधि योगेश गामड़ और उपाध्यक्ष प्रतिनिधि संजय कहार सहित पार्षद संजय चाणोदिया, पार्षद प्रतिनिधि मुकेश पडियार और शिवा राठौड़ ने पुष्प वर्षा कर संचलन का स्वागत किया। नगर में अन्य कई स्थानों पर भी विभिन्न संगठनों ने इस शौर्य यात्रा का स्वागत किया। मंच पर मुख्य अतिथि के साथ विश्व हिंदू परिषद के खंड प्रमुख रविराज पुरोहित, मातृ शक्ति की जिला संयोजिका संगीता देवेश त्रिवेदी और दुर्गा वाहिनी की जिला संयोजिका शिल्पा पंकज वर्मा भी उपस्थित थीं। ‘शस्त्र और शास्त्र’ के ज्ञान पर जोर मुख्य अतिथि डॉ. माला सिंह ठाकुर ने बताया कि अष्टमी दुर्गावाहिनी का स्थापना दिवस है। इस वर्ष लगातार नौ दिनों तक चुनरी यात्रा, शस्त्र पूजन और संचलन के साथ सिंदूर शौर्य यात्रा का आयोजन किया जा रहा है, और ऐसे कार्यक्रम पूरे देश में चल रहे हैं। डॉ. ठाकुर ने अपने संबोधन में शस्त्र और शास्त्र के ज्ञान, पूर्वजों की गौरवशाली परंपराओं के भान और वर्तमान पीढ़ी को पुरुषार्थी, संस्कारवान एवं धर्म के प्रति जागरूक बनाने पर विशेष जोर दिया। महिला जनप्रतिनिधियों की अनुपस्थिति बनी चर्चा का विषय इस आयोजन के दौरान नगर परिषद के मंच पर स्वागत करने वालों में परिषद अध्यक्ष ललिता गामड़ और उपाध्यक्ष किरण कहार सहित समस्त महिला पार्षद अनुपस्थित रहीं। उनकी जगह उनके पतियों ने प्रतिनिधि की भूमिका निभाई। आयोजन की सुरक्षा के लिए पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई थी। एसडीओपी अनुरक्ति सबनानी, टीआई निर्भयसिंह भूरिया और सूबेदार धर्मेंद्र पटेल पूरे रास्ते संचलन के साथ व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौजूद रहे।


