उज्जैन | सिंहस्थ-2028 के सफल, सुरक्षित और सुचारू आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए उज्जैन पुलिस ने वर्चुअल रियलिटी (वीआर) तकनीक का उपयोग करते हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया है। यह पहल पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा के निर्देशन और डिजिटल एडवांस पुलिसिंग को ध्यान में रखते हुए की गई है। एसपी शर्मा ने बताया इस अत्याधुनिक प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिस कर्मियों को वास्तविक परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने और प्रभावी प्रतिक्रिया देने के लिए तैयार करना है। इसके माध्यम से अधिकारी और जवान भीड़ प्रबंधन, आपदा नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा प्रोटोकॉल का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करेंगे। वीआर तकनीक पर आधारित प्रशिक्षण के माध्यम से पुलिस कर्मी वास्तविक परिस्थितियों का अनुभव करते हुए भीड़ के व्यवहार को समझकर नियंत्रण सुनिश्चित कर सकेंगे।


