आसमान पर एक हफ्ते पहले ड्रोन सात आठ बार चक्कर लगाते दिखाई पड़ा था। इसके बाद लोगों की बात सुनकर दिल में डर बैठ गया है। रात रात भर सो नहीं पाते, बच्चे स्कूल नहीं जा रहे। रात भर पूरा परिवार चोरी के डर से जाग कर काटता है। ये कहना है प्रीति तिवारी का। बरई हरख गांव की प्रीति अकेली महिला नहीं है,जो डर और दहशत की बात कह रही है। उनके गांव में कई महिला पुरुष ड्रोन चोर के डर में है। प्रयागराज के ग्रामीण इलाकों मे इन दिनो “ड्रोन चोर” अफवाह ने पैर पसार लिया है। जो लोगों को खौफ के साए में जीने को मजबूर कर रही है। हालत यह कि पुलिस रात में घूम-घूमकर लोगों को बता रही है कि ड्रोन एक इलेक्ट्रानिक गैजेट है। इस पर सवार होकर कोई व्यक्ति किसी से घर मे दाखिल नहीं हो सकता, लेकिन जब-जब आसमान पर ड्रोन दिखाता है तो लोग चोर-चोर कह कर इधर-उधर भागते दिखाई व सुनाई पड़ते है। सबसे पहले दैनिक भास्कर की टीम गंगानगर के ग्रामीण इलाके में पहुंची। यहां के हालतों को जाना। यहां लोग ड्रोन चोर की दहशत में रात-रात भर जाग कर खुद की हिफाजत कर रहे हैं। पढ़िए पूरी रिपोर्ट… स्थान: होलागढ़ का बरई हरख गांव समय : रात के 8 बजे दैनिक भास्कर की टीम प्रयागराज शहर से करीब 25 किलोमीटर दूर होलागढ़ के बरई हरख गांव पहुंची। गांव में शाम का समय होने के चलते लोग अपने अपने घर के बाहर लोग बैठे दिखाई पड़े। जिनमें हर शख्स के हाथ में लाठी डंडा था। हमने ग्रामीणों से अंजान बनकर दूसरे गांव का पता पूछा तो आठ दस लोगों ने हमें घेर कर पूछताछ शुरू कर दी। वो जानना चाहते थे कि हम गांव में क्यों और किस लिए आए है। क्या कोई सर्वे करना है या फिर हमारे पास कोई ऐसे इलेक्ट्रानिक गैजेट तो नहीं, जिससे उनके घर गांव की रेकी हो जाय। कुछ देर बात-चीत में लोगों को इस बात का यकीन हो गया कि उन्हें हमसे कोई खतरा नहीं है, तो ग्रामीणों ने हमसे बातचीत शुरू की। अब पढ़िए लोगों ने जो बताया
यहां हमारी मुलाकात प्रीति तिवारी, साधना त्रिपाठी, वकील शिवम मिश्रा, रमापति से हुई। प्रीति तिवारी ने बताया- हमारे गांव में ड्रोन को लेकर तरह-तरह की अफवाहें हैं। कहा जा रहा है कि ड्रोन चोरी कर रहे हैं या सामान उठा ले जा रहे हैं। पिछले एक हफ्ते में आठ-नौ बार ड्रोन जैसे दिखे भी थे, लेकिन हमने इसे अफवाह समझा। डर ऐसा है कि लोग रातभर जागते हैं, बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे। घर के पुरुष डंडा लेकर रात में गश्त करते हैं। गांव में घटना नहीं हुई, पर आसपास की घटनाओं से दहशत फैली है। साधना त्रिपाठी ने बताया- गांव में ड्रोन चोरी और हमले की अफवाहों से लोग डरे हुए हैं। रातभर नींद नहीं आती, बच्चे रोते हैं। लोग कहते हैं ड्रोन हमला कर मार देते हैं। डर इतना है कि पुरुष रात में सड़कों पर पहरा देते हैं। पूरा गांव दहशत में जी रहा है। वकील शिवम मिश्रा ने बताया- गांव में चोरी के डर से हम सभी लोगों ने युवाओं की टोली बना रखी है। रात में दस दस युवा गांव में गश्त करते हैं, ताकि गांव में चोरी न होने पाए। अगल बगल के गांव में चोरी की सूचना से डर लगा रहता है, इसलिए गांव के लोगों ने खुद पहरेदारी का फैसला किया है। इसके बाद हमने गांव में उस ड्रोन की तलाश शुरू की जो गांव के आसमान पर उड़ता है और फिर चोरी की वारदात होने की अफवाह फैल जाती है। गंगानगर के ऐसे कई गांव में हमने रात के अंधेरे मे बाइक से सफर किया। गांव के सड़कों पर एक दो लोग ही रास्ते में आते जाते दिखाई पड़े। ज्यादातर गांव में लोग हमें घरो के बाहर जागते हुए मिले। रमापति त्रिपाठी ने बताया- पिछले एक महीने से गांव में ड्रोन और चोरों की अफवाह फैली है। कभी-कभी आसमान में ड्रोन जैसी चीज दिखती है और लोग डर जाते हैं। पूरा फूलपुर इलाका दहशत में है। हमने गांव में टीमें बनाई हैं, जिसमें औरतें-बच्चे-बुजुर्ग सब शामिल हैं। रात तीन बजे तक लोग जागकर पहरा देते हैं। आसपास चोरी की घटनाओं की चर्चा है, जिससे डर और बढ़ा है। हालात यह हैं कि कोई भी बाहरी व्यक्ति आता है तो पहले उसका परिचय लिया जाता है। माहौल इतना भयभीत है कि लोग दिन-रात सतर्क रहकर ही जी पा रहे हैं। अब पढ़िए ड्रोन चोरी की अफवाह के पर पुलिस कार्रवाई
गंगानगर के ग्रामीण इलाके मे घूमते हुए हमें होलागढ़ की पुलिस गश्त करते मिली। गश्त के दौरान इंस्पेक्टर होलागढ़ खुद लोगों को जागरूक करने की ज़िम्मेदारी उठाए दिखाई पड़े। लोगों की भीड़ में वह अपने सरकारी जीप के लाउड स्पीकर पर लोगों को समझाते रहे कि ड्रोन क्या है, उससे चोरी या फिर रात के अंधेरे मे रेकी कितनी मुश्किल है। इंस्पेक्टर वीरेंद्र कुमार ने कहा- वह क्षेत्र में ड्रोन व चोरी की अफवाह पर बेहद सतर्क व सजग है। थाना पुलिस को जैसे ही इस तरह के कोई सूचना मिलती है, वह तत्काल पुलिस टीम को एक्टिव कर मौके पर भेजते हैं। ड्रोन व चोरी के आड़ में भोले भाले लोगों को निशाना न बनाए
गांव के लोगों को भी वह समझाते है कि ड्रोन व चोरी के आड़ में भोले भाले लोगों को निशाना न बनाए। संदिग्ध व्यक्ति के मिलने पर पुलिस को तत्काल सूचना दे, किसी भी हालत में कानून को अपने हाथ मे न ले। ग्रामीण इलाके में लगातार फैल रही अफवाह पर पुलिस के बड़े अधिकारियों ने इससे निपटने के लिए कमर कस ली है। हमने सबसे ज्यादा अफवाह से प्रभावित ग्रामीण इलाके के डीसीपी गंगानगर कुलदीप गुनावत से बातचीत की। उन्होंने कहा कि “हाल ही में सोशल मीडिया और 112 पर कई बार ड्रोन उड़ने की सूचनाएं आई हैं, जिनकी पुलिस ने मौके पर जाकर जांच की, लेकिन अधिकांश मामलों में पुष्टि नहीं हुई। यह स्पष्ट है कि अफवाहों के चलते दहशत फैल रही है। इसे रोकने के लिए पुलिस ने कार्ययोजना बनाई है। रात में गश्त बढ़ाई गई है, ग्राम चौकीदारों की मीटिंग लेकर जागरूकता फैलाई जा रही है और ग्राम सुरक्षा समिति सक्रिय की गई है। लोगों को समझाया जा रहा है कि ड्रोन से चोरी संभव नहीं है, यह सामान्य उपकरण है और अधिकांशतः बच्चों के खिलौने के रूप में बिकता है। ड्रोन रखने वालों को थाने में रजिस्टर कराने के निर्देश दिए गए हैं। डीसीपी ने लोगों से की अपील
डीसीपी कुलदीप गुनावत ने लोगों से अपील है कि अफवाहों पर भरोसा न करें, न ही किसी को संदेह में चोर समझकर मारपीट करें। संदिग्ध स्थिति दिखे तो पुलिस को तुरंत सूचित करें। जो लोग अफवाह फैलाकर दहशत पैदा करेंगे, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। —————- ये खबर भी पढ़ें… ‘ड्रोन से चोर उतरता, चोरी कर उड़ जाता’:चोरी को लेकर ऐसी चर्चाएं, यूपी के 50 गांवों में रातभर पहरा दे रहे लोग “पहले जो चोर आते थे वो दरवाजा, ताला तोड़ते और सेंध लगाते थे। लेकिन, आजकल ड्रोन से चोरी हो रही है। ड्रोन पर चोर बैठकर आता है, छत पर उतरता है और फिर चोरी करके उड़ जाता है।” “पिछले 1 महीने से हर दिन आसमान में ड्रोन नजर आता है। यह घरों के अंदर रखे सामान को ढूंढता है, जहां सामान दिखाई देता है वहीं चोर हमला कर देता है।” पढ़ें पूरी खबर…


