चूरू में NH-52 पर सालासर बालाजी के दर्शन करने जा रहे पैदल यात्रियों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रविवार सुबह करीब 7 बजे सदर थाना क्षेत्र में होटल पैराडाइज के पास हुआ। सदर थाना ASI गिरधारीलाल सैनी ने बताया-हादसे में हरियाणा के न्योली कला निवासी प्रीतम सिंह (34), सुरेंद्र जाट (35) और हांसी निवासी मनजीत जाट (55) की मौत हुई है। वहीं चूरू के गांव लम्बोर निवासी प्रशांत (19) और रतनपुरा निवासी विकास (36) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों के सिर में गंभीर चोटें आने से चूरू के डीबी हॉस्पिटल से हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया है। वहीं तीनों मृतकों के शवों को हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की जानकारी दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। यात्रियों को टक्कर मारने के बाद अज्ञात वाहन फरार हो गया, जिसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। शनिवार सुबह लंबोर छीपियान से संघ रवाना हुआ था अस्पताल में घायलों के साथ आए संघ के लोगों ने बताया- लंबोर छीपियान से 12 सदस्यों का संघ शनिवार सुबह सालासर पदयात्रा के लिए रवाना हुआ था। संघ के लोग उत्साह और खुशी के साथ यात्रा कर रहे थे। तभी रविवार सुबह यह हादसा हो गया, जिसमें संघ के दो यात्री घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही गांव और परिजन अस्पताल पहुंच गए। दोनों घायलों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जिन पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।


