रामगढ़ के चुटूपालू घाटी क्षेत्र में सुबह एक भयावह सड़क हादसा हुआ। सैनी होटल के पास तेज रफ्तार हाइवा (UP64 BT-6132) ने बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक दुलमी का रहने वाला था। उसका नाम बरकेश महतो है। वह अपनी बाइक से काम पर जा रहा था। घटना के तुरंत बाद हाइवा चालक मौके से फरार हो गया। भागने के दौरान कार से भी हुई टकराई हाइवा ने भागने के दौरान एक कार को भी टक्कर मार दी। कार में सवार दो लोग मामूली रूप से घायल हुए। उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। हादसे की भयावहता को देखकर मौके पर मौजूद लोग दंग रह गए। सड़क पर जाम लग गया। लोग एक तरफ से सड़क को अवरुद्ध कर दिया, जिससे ट्रैफिक प्रभावित हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस और सांसद प्रतिनिधि सूचना मिलने पर रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन पांडेय और एसआई उपेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने सड़क पर जमा भीड़ को नियंत्रित करते हुए यातायात व्यवस्था को सामान्य करने का प्रयास किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ सांसद प्रतिनिधि धनंजय कुमार पुटुस भी अपने सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे। राहत कार्यों में जुट गए। हाइवा चालक फरार, जांच जारी स्थानीय लोगों के मुताबिक, हाइवा चालक तेज रफ्तार में था और नियंत्रण खोने के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने हाइवा की खोज शुरू कर दी है और मामले की छानबीन जारी है। वहीं, हादसे में मृतक के परिजन हादसे की सूचना पाकर घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने पुलिस से न्याय की मांग की। प्रशासन ने मृतक के परिजनों को उचित सहायता देने का आश्वासन दिया है।


