बीजेपी आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान शुरू कर रही है। जिसके तहत अक्टूबर माह से लेकर दिसंबर तक अलग अलग चरणों में स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए कार्यक्रम किए जाएंगे। मेले लगाए जाएंगे और सम्मेलन होंगे। कोटा दक्षिण बीजेपी विधायक संदीप शर्मा ने बताया कि 25 दिसम्बर तक इस अभियान को जिले के हर मंडल, गांव तक चलाएगी। अभियान के पहले चरण में अक्टूबर महीने में राजस्थान के सभी जिलों में तथा दूसरे चरण में नवम्बर, दिसम्बर में सभी मंडलों में जागरूकता व सम्पर्क अभियान होंगे। उन्होंने बताया कि इस दौरान व्यापारी सम्मेलन, उद्योग सम्मेलन, प्रभात फेरी, किसान मार्च, मशाल यात्रा स्वदेशी कार्यक्रम आयोजित किय जाएंगे। इसमें भारतीय उत्पादों के उपयोग बढावा देने पर जोर दिया जाएगा। संदीप शर्मा ने बताया कि स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए अभियान की शुरूआत रसोई से होनी चाहिए। रसोई के उत्पादों में भारत निर्मित स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को बढावा देना चाहिए। इसके लिए पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं की टीम घर घर जाकर महिलाओं को जानकारी देंगी। इस अभियान में युवा एवं महिला संगठनों, सभी व्यवसायिक संस्थानों, लघु औद्यौगिक इकाईयो व स्वैच्छिक संगठनों की भागीदारी ली जाएगी। स्कूल- कॉलेज तक पहुंचेंगे कार्यकर्ता
संदीप शर्मा ने बताया कि स्कूल और कॉलेज तक बीजेपी पहुंचेगी और स्टूडेंट्स को इस अभियान से जोडेंगे। छात्र-छात्राओं से मै स्वदेशी अपनाऊंगा का संकल्प लिखवा कर हस्ताक्षर करवाए जाएंगे। युवाओं को जोड़कर स्वदेशी अभियान में सफलता हासिल कर सकते है। उन्होंने कहा कि आज बाजार में विदेशी उत्पादों की तरफ युवा आकर्षित होते है जबकि भारत में निर्मित उत्पाद विदेशी उत्पादों से बेहतर होते है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता यही अंतर लोगों को समझाने के लिए काम करेंगे। व्यापारी प्रकोष्ठ और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से स्वदेशी मेले लगाएंगे। जिसमें अधिक से अधिक व्यापारी व उद्यमियों के स्वदेशी उत्पाद की बिक्री की जाएगी। स्वदेशी मेलों में स्थानीय लोक कलाकारों और प्रभावशाली व्यक्तियों को भी बुलाया जाएगा। स्थानीय शिल्पकार और आर्टिसन के कार्यस्थल पर जाकर उनकी कलाकारी और स्वदेशी उत्पादों का पार्टी प्रचार-प्रसार करेगी। उन्होंने लोगों से भी आग्रह किया कि त्यौहार का सीजन है। दीवाली का त्योहार आने वाला है ऐसे में इस दीवाली स्थानीय कारीगरों और शिल्पकारों के बनाए उत्पाद और कपडे़ खरीदे। मिटटी के दीपक को बढ़ावा दें।


