ग्वालियर में कोतवाली थाना क्षेत्र के खुरजे वाला मोहल्ला घाड़के की गोठ में शनिवार रात 11 बजे बिजली का तार डालने को लेकर झगड़ा हो गया। युवक के तार डालते समय पड़ोसी की लाइट चली गई। पड़ोसी ने बिजली गुल होने पर विरोध किया तो युवक नाराज हो गया। तार डालने वाले ने पास में रखा डंडा उठाकर सिर में मार दिया, जिससे पड़ोसी का सिर फूट गया और खून बहने लगा। घायल आधी रात को कोतवाली थाना पहुंचा और शिकायत की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर घायल का इलाज कराया है।
शहर के खुरजे वाला मोहल्ला में रहने वाले आनंद सेन का लड़का कृष्णा रात में बिजली का तार डाल रहा था। तार बदलते समय पास ही रहने वाले मनमोहन शर्मा पुत्र बुद्धि प्रकाश की लाइट चली गई। मनमोहन ने कृष्णा से कहा कि तुमने अपने घर का तार तो डाल लिया है, लेकिन मेरे घर की लाइट का तार क्यों हटा दिया? इसी बात पर मनमोहन और कृष्णा के बीच मुंहवाद हो गया। कृष्णा सेन ने पास में रखा डंडा उठाया और मनमोहन के सिर में मार दिया। कृष्णा का चाचा राधे सेन जो उस वक्त वहां मौजूद था उसने भी मनमोहन के साथ मारपीट कर दी। मारपीट व डंडा सिर में लगने से खून बहने लगा। मनमोहन के परिजन व पड़ोसियों ने मामला शांत कराया। घायल मनमोहन ने अपने भाई प्रेमचंद शर्मा को घटना के बारे में बताया तो वह उन्हें लेकर कोतवाली थाने पहुंचे। मनमोहन शर्मा की हालत देखते हुए पुलिस ने पहले उनका मेडिकल कराया और बाद में कृष्णा सेन व उसके चाचा राधे सेन के खिलाफ मामला कायम किया।
कोतवाली थाना प्रभारी मोहिनी वर्मा ने बताया बिजली का तार डालने और लाइट चली जाने पर दो पक्षों में झगड़ा हुआ था। जिस पर एक पक्ष ने डंडा मारकर सिर फोड़ दिया। पुलिस ने घायल की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।


