RSS के पथ संचलन पर मुस्लिम समाज ने की पुष्पवर्षा:लाठी लेकर चले स्वयंसेवक, पनवाड़ी गांव में जगह-जगह हुआ स्वागत,

शाजापुर जिले के पनवाड़ी गांव में रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में एक पथ संचलन का आयोजन किया गया। यह संचलन पनवाड़ी स्थित हनुमान मंदिर से शुरू होकर गांव के प्रमुख मार्गों से गुजरा और वापस मंदिर परिसर में आकर संपन्न हुआ। इसमें ग्रामीण अंचल के बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने भाग लिया। मार्ग में नगरवासियों, गणमान्य नागरिकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया। इस अवसर पर मुस्लिम समाज के लोगों ने भी पथ संचलन का गर्मजोशी से अभिनंदन किया, जिससे पूरे नगर में सौहार्द और राष्ट्रभक्ति का वातावरण देखने को मिला। शताब्दी वर्ष के अवसर पर संघ ने “पंच परिवर्तन” के रूप में पांच प्रमुख कार्यों पर विशेष बल दिया है। इनमें समाज में समरसता लाना, कुटुंबों को एकजुट रखना, पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूकता फैलाना, स्वदेशी उत्पादों को अपनाना और नागरिक कर्तव्यों का पालन करना शामिल है। शताब्दी वर्ष में देशभर में पथ संचलन, घर-घर संपर्क अभियान और मंडल-बस्ती सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, ताकि संगठन का संदेश हर हिंदू परिवार तक पहुंच सके। जहां अब तक शाखाएं नहीं पहुंचीं हैं, वहां नई शाखाएं खोली जाएंगी। आयोजकों ने समाज से इन कार्यों में सहयोग का आह्वान किया है, ताकि भारत को “परम वैभव” की दिशा में आगे बढ़ाया जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *