धार शहर की सबसे पुरानी जनता कॉलोनी में खराब ड्रेनेज व्यवस्था के कारण कॉलोनी के लोग परेशान है। कई जगहों पर सीवरेज चेंबर ओवरफ्लो हो रहे हैं, जिससे गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है।पुरानी और जर्जर सीवरेज लाइन निवासियों के लिए बड़ी समस्या बन गई है। घरों में भर जाता है सीवरेज का गन्दा पानी यह समस्या बारिश के दिनों में और भी गंभीर हो जाती है। ओवरफ्लो होने के कारण गंदा पानी कई बार लोगों के घरों और गलियों में भर जाता है जिससे काफी परेशानी होती है।घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार नगर पालिका से ड्रेनेज लाइन बदलने की मांग की लेकिन उन्हें हर बार केवल आश्वासन ही मिला है। उनका यह भी आरोप है कि सफाईकर्मी समय पर चेंबर साफ करने नहीं आते हैं। जब चेंबर ओवरफ्लो हो जाते हैं, तब शिकायत करने पर ही सफाई होती है। सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत की तो कर्मचारी शिकायत कटवाने आ गए कुछ निवासियों ने सफाई व्यवस्था से असंतुष्ट होकर सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत करने पर नगर पालिका के कर्मचारी शिकायत कटवाने आ जाते हैं, लेकिन समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। सीएमओ ने कहा विशेष अभियान चलाया जाएगा इस संबंध में, नगर पालिका सीएमओ वीके सिंह ने बताया कि कॉलोनी के चैंबरों की सफाई के लिए एक विशेष अभियान चलाया जाएगा, ताकि लोगों को परेशानी न हो।


