डीग में रविवार को भारतीय मजदूर संघ (BMS) की जिला स्तरीय बैठक जलदाय कार्यालय परिसर में आयोजित की गई। यह बैठक BMS के प्रदेश महामंत्री हरिमोहन के सानिध्य में संपन्न हुई। प्रदेश महामंत्री हरिमोहन ने नवगठित डीग जिले में असंगठित क्षेत्र की सात नई यूनियनें बनाने का लक्ष्य दिया। उन्होंने आगामी 26 दिसंबर को जयपुर में होने वाली BMS की हुंकार रैली में डीग जिले से 2500 मजदूर कार्यकर्ताओं को शामिल होने का आह्वान भी किया। बैठक में डीग जिले की आशा सहयोगिनी, आंगनवाड़ी कार्मिकों, मिड डे मील मजदूरों, भवन निर्माण श्रमिकों, पल्लेदार मजदूरों, ई-रिक्शा श्रमिकों और ठेले लगाने वाले श्रमिकों की समस्याओं पर गहन विचार-विमर्श हुआ। इन सभी की समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग संगठन बनाने की रूपरेखा तैयार की गई। इसका उद्देश्य असंगठित क्षेत्र के मजदूरों को संगठित कर राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना और उनकी समस्याओं को सरकार तक पहुंचाना है। असंगठित क्षेत्र के संभाग प्रभारी मेंबर सिंह और सह संगठन संभाग प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने भी बैठक को संबोधित किया। बैठक की अध्यक्षता BMS के जिलाध्यक्ष नरेंद्र फौजदार ने की। इस अवसर पर रोडवेज इकाई से हरेंद्र सिंह, जीतू गुर्जर, शिक्षा विभाग से भानु प्रताप सिंह, जलदाय विभाग से नवल सिंह शाहपुर, राजेश शर्मा, सुरेश, बिजली विभाग से लक्ष्मण सिंह, राधाचरण, परशुराम, अमरचंद सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।


