MD ड्रग्स का शातिर तस्कर ATS ने पकड़ा:तीन दिन तक जैसलमेर बॉर्डर पर टीमों ने कैम्प कर तस्कर को आज सुबह गिरफ्तार किया

राजस्थान ATS और ANTF की संयुक्त टीमों ने आज ऑपरेशन मदमुरुगन चला कर पूरे राजस्थान को MD का जहर सप्लाई करने वाले शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया। टीम ने कमलेश विश्नोई उर्फ कार्तिक को जैसलमेर और बाड़मेर में तीन दिन तक कैंप कर के पकड़ा। एटीएस आईजी विकास कुमार ने बताया कि एमडी का तस्कर कमलेश उर्फ कार्तिक की गिरफ्तारी पाक सीमा पर स्थित जैसलमेर जिले के सांकड़ थाना क्षेत्र से की गई। कमलेश की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपए का इनाम रखा हुआ था। कमलेश उर्फ कार्तिक पुत्र सदराम बिश्नोई बाड़मेर के धोरीमन्ना इलाके का रहने वाला है और इसके खिलाफ करीब आधा दर्जन आपराधिक मुकदमे तीन अलग अलग राज्यों में चल रहे हैं। कमलेश ने पहले अवैध हथियारों का धंधा शुरू किया,इसी दौरान उसे MD की लत लग गई और MD के धंधे में ज्यादा लाभ देखकर वह MD के धंधे में कूद पड़ा और देखते देखते सीमावर्ती इलाके में MD के धंधे का सरगना बन बैठा। कमलेश का सगा भाई सुरेश भी इस धंधे में उसका करीबी साझेदार रहा है। धंधे को और बढ़ाने और पूरे राजस्थान में धंधा चलाने की महत्वकांक्षा में कार्तिक ने अपने पुराने सहयोगियों और जेल के साथियों को लेकर पूरी गैंग बना डाली थी। आरोपी तीन राज्यों में अपराध की जड़ें जमा कर तीनों में ही जेल जा चुका हैं। हथियार से एमडी तक का सफर एमडी तस्कर कमलेश विश्नोई अपने आपराधिक करियर के प्रारंभिक दौर में अवैध हथियारों का धंधा करता था। वह मध्यप्रदेश के खरगौन इलाके से अवैध हथियार लेकर राजस्थान में उनकी आपूर्ति किया करता था। इसी सिलसिले में वह मध्यप्रदेश में हथियारों के साथ भी पकड़ा गया। महाराष्ट्र के पुणे इलाके में मादक पदार्थों की एक बड़ी खेप के साथ पूर्व में कमलेश पकड़ा जा चूका है। पुणे की ही जेल में उसका संपर्क MD के धंधे के अन्य सूत्रधारों से हुआ था जिनके साथ साझीदारी में MD का बड़ा धंधा कॉर्पोरेट स्टाइल में पूरे राजस्थान में चलाने की योजना आरोपी ने जेल में बनाई थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *