मध्यप्रदेश और असम के बीच वन्यजीवों की अदला-बदली की जाएगी। बांधवगढ़ नेशनल पार्क से गौर और चंबल सेंचुरी के घड़ियाल असम के काजीरंगा नेशनल पार्क से एक्सचेंज किए जाएंगे। ये बात सीएम डॉ. मोहन यादव ने असम के काजीरंगा नेशनल पार्क का भ्रमण करने के बाद कही। सीएम डॉ. मोहन यादव ने पत्नी और मप्र के अधिकारियों के साथ काजीरंगा नेशनल पार्क में हाथियों और राइनो के प्रबंधन को समझा। सीएम ने हाथियों को गन्ना भी खिलाया। सीएम बोले- मप्र में दो साल में 70 हाथियों ने घर बनाया
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज मैं असम के काजीरंगा उद्यान में हाथी और राइनो समेत तमाम प्रकार के वन्यजीवों के संबंध में जानने आया हूं। हमारे यहां भी अब हाथी आ गए हैं। पहले हमारे यहां हाथी नहीं थे। दो साल में 70 से ज्यादा हाथी हमारे यहां बांधवगढ़ और अन्य अभ्यारण्यों में हैं। ऐसे में जान माल की रक्षा के साथ ही हाथी के जीवन की रक्षा के लिए काजीरंगा बहुत आदर्श अभ्यारण्य है। मैं अपने अधिकारियों के साथ यहां आया हूं। मुझे देखकर अच्छा लगा। बहुत बढ़िया प्रबंधन है। यहां से काफी सारी चीजें सीखेंगे। असम के सीएम से बात कर वन्यजीव एक्सचेंज करेंगे सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमारे यहां के वन्यजीवों को यहां एक्सचेंज करने के लिए मैं यहां के मुख्यमंत्री हिमंता विस्वा सरमा से बात करूंगा। हमारे वन्यजीवों की अच्छे से रक्षा हो और जिन्हें वन्यजीवों के विषय में जानने की जिज्ञासा है, उन्हें जानकारी मिले। पर्यटन के क्षेत्र में बढ़ावा देते हुए हमारे वन्यजीवों के साथ सह-अस्तित्व की भावना को लोग देखें और समझें। वन्यजीवों की अदला-बदली करेंगे सीएम ने कहा कि काजीरंगा बहुत समृद्ध है, खासकर राइनो को लेकर। सिंगल सींग वाले 3 हजार से ज्यादा गेंडे हैं। जंगली भैंसे भी बहुत अच्छे हैं। हमारे यहां गौर, घड़ियाल हैं। तो हम कोशिश करेंगे कि आपस में वन्यजीवों की अदला-बदली करते हुए सभी प्रकार के जलजीव और वन्यजीव बने रहें।


