खरगोन के सेगांव में साथी देवी लालबाई फूलबाई मंदिर परिसर में एक मेगा हेल्थ शिविर का आयोजन किया गया। इसमें 20 से अधिक विशेषज्ञ डॉक्टरों ने लगभग 3743 आदिवासी मरीजों की जांच कर उनका इलाज किया। गर्भवती महिलाओं की जांच हुई सीएमएचओ डॉ. एस. सिसोदिया ने बताया कि शिविर में 52 बच्चों की इको जांच की गई। इसके अलावा 251 गर्भवती महिलाओं की जांच हुई, जिनमें से 208 की सोनोग्राफी की गई। 42 पुरुषों की भी सोनोग्राफी की गई। कलेक्टर और सांसद विधायक भी मौजूद रहे सांसद गजेंद्रसिंह पटेल, विधायक केदार डाबर, राजेश मंडलोई, डॉ. गोविंद मुजाल्दा, जनपद अध्यक्ष सुनीता विजय और एसडीएम वीरेंद्र कटारे ने शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर भव्य मित्तल के नेतृत्व में 450 कर्मचारियों ने शिविर में अपनी सेवाएं दीं। इंदौर के शंकरा नेत्र हॉस्पिटल, अरविंदो अस्पताल के विशेषज्ञ, सेम्स कॉलेज, नंदकुमारसिंह चौहान मेडिकल कॉलेज खंडवा, बुरहानपुर के आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज, ऑल इज वेल हॉस्पिटल और खरगोन के विजयलक्ष्मी हॉस्पिटल के डॉक्टरों की टीम ने मरीजों का इलाज किया। शिविर के दौरान 66 हितग्राहियों के आधार और आयुष्मान कार्ड बनाए गए। साथ ही, 20 लोगों ने रक्तदान भी किया।


