बुरहानपुर के ग्राम खामनी में शारदीय नवरात्रि के उपलक्ष्य में मां वैष्णो देवी धाम की भव्य प्रतिकृति बनाई गई है, जिसके कारण यह गांव अब शक्तिपीठ बन गया है। बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनिस ने भक्तों के साथ पवित्र गुफा और माता की पूजा-अर्चना करते हुए इस आयोजन को अद्भुत, अकल्पनीय और अवर्णनीय बताया। उन्होंने सेवादारों से भी संवाद किया। साथ ही कहा कि भगवान संतों के रूप में हमारे बीच आते हैं। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर खामनी गांव को कटरा का स्वरूप दिया गया है। यहां माता रानी की घट स्थापना के साथ ही मां वैष्णो देवी कटरा धाम की प्रतिकृति तैयार की गई है, जो अब भक्ति का केंद्र बन गया है। इस अनोखे दरबार में तीन किलोमीटर लंबा ट्रैक बनाया गया है, जो मूल वैष्णो देवी मंदिर जैसा अनुभव देता है। भक्तों को यहां मां वैष्णो देवी की गुफा और देवी दर्शन के लिए तीन किलोमीटर की पैदल यात्रा करनी पड़ रही है। इस ट्रैक पर एक किलोमीटर की पांच गुफाएं बनाई गई हैं, जिनमें पवित्र गुफा, बाण गंगा, चरण पादुका, गर्भग्रह गुफा, अर्धकुंवारी, मां वैष्णो देवी और भैरव बाबा के दर्शन हो रहे हैं। विधायक अर्चना चिटनिस ने खामनी ग्रामवासियों के इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि एक छोटे से गांव में इस प्रतिकृति को आकार देकर ग्रामवासियों ने धार्मिक आस्था और अटूट संकल्प का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने बताया कि कटरा स्थित माता वैष्णो देवी धाम की प्रतिकृति बनाने का यह संकल्प पूरे गांव की एकजुटता और हर व्यक्ति के सहयोग से पूरा हुआ है। इस धार्मिक यात्रा की एक महत्वपूर्ण कड़ी माता रानी की चरण पादुकाओं को वैष्णो देवी धाम से खामनी गांव तक लाना था। ग्रामवासियों का एक समूह पूरी श्रद्धा के साथ वैष्णो देवी धाम गया, जहां उन्होंने विधि-विधान के साथ माता रानी की चरण पादुकाओं को प्राप्त किया। दर्शन के लिए बड़ी संख्या में भीड़ उमड़ रही है, जो गांव के लोगों की गहरी आस्था और भक्ति का प्रमाण है।


