आरोपियों की पहचान, गिरफ्तारी के लिए टीम गठित गिरवाई में रविवार दोपहर जमीनी विवाद खूनी झड़प में बदल गया। फरियादी नरेंद्र कुशवाह ने बताया कि भाजपा नेता गौरव कुशवाह अपने साथियों के साथ आठ गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे और मेरे परिवार पर हमला कर दिया। हाथों में बंदूकें लेकर आए हमलावरों ने खेत खाली करने को कहा, विरोध करने पर फायरिंग शुरू कर दी। करीब 15 राउंड गोलियां चलीं और राजकुमार कुशवाह के सीने पर बंदूक रखकर धमकी दी गई। बंदूक के बटों से पीटकर उसे घायल कर दिया गया। मुझे, मेरे भाई दीपक और मां देवकी बाई को भी लाठी-डंडों से पीटा। हमले के बाद आरोपी जाते-जाते धमकी देकर गए हैं कि जमीन खाली नहीं की तो जान से मार देंगे। घायल राजकुमार को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डीएसपी ग्रामीण चंद्रभान सिंह चढ़ार ने बताया कि गिरवाई में दो पक्षों में जमीनी विवाद के चलते फायरिंग हुई है। पुलिस ने नरेंद्र कुशवाह की शिकायत पर गौरव कुशवाह सहित दर्जनभर आरोपियों पर मामला दर्ज किया है। सभी की पहचान हो चुकी है और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।


