कोडरमा में बस पलटी, 11 लोग घायल:तेज रफ्तार में थी बस, तीखे मोड़ पर चालक नियंत्रण खो बैठा, तीन की हालत गंभीर

कोडरमा के सतगांवां थाना क्षेत्र में सोमवार की अहले सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। अंगार मोड़ के पास सुबह लगभग 4:30 बजे एक यात्री बस बेकाबू होकर पलट गई। इस दुर्घटना में कुल 11 यात्री घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के तुरंत बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस तेज रफ्तार में थी और तीखे मोड़ पर चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह हादसा हुआ। सतगावां से रांची जाती है बस जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुई सागर नामक बस हर दिन सतगांवां से रांची जाती है। आज तड़के जब यह बस अंगार मोड़ पर पहुंची, तो अचानक पलट गई। हादसे में घायल यात्रियों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतगांवां पहुंचाया गया। बाद में सभी को बेहतर इलाज के लिए कोडरमा सदर अस्पताल रेफर किया गया। घायलों में सचिन कुमार (18), रानी देवी (41), ब्रह्मदेव यादव (62), अंकित कुमार (20), रामस्वरूप यादव (55), काजल कुमारी (18), रिया कुमारी (17), दीपक कुमार (19), राहुल प्रियदर्शी (25), राजेश कुमार (24) और ललिता कुमारी (29) शामिल हैं। इनमें से कई छात्र हैं, जो हजारीबाग और रांची जैसे शहरों में पढ़ाई करने जा रहे थे। कोडरमा थाने के एसआई भी घायल इस हादसे में आम यात्रियों के साथ-साथ पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। सतगांवां थाना में पदस्थापित एसआई अरविंद सिंह, जो ट्रेनिंग के लिए इसी बस से कोडरमा जा रहे थे, हादसे का शिकार हो गए। उनकी भी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। हादसे की खबर मिलते ही सतगांवां पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने भी घायलों को अस्पताल पहुंचाने में पुलिस की पूरी मदद की। तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह स्थानीय लोगों का कहना है कि बस सामान्य से कहीं अधिक रफ्तार में चल रही थी। अंगार मोड़ पर तीखा घुमाव होने के बावजूद चालक ने गति पर नियंत्रण नहीं रखा, जिसके चलते वाहन पलट गया। यह बस लंबे समय से सतगांवां से रांची के बीच यात्रियों को लेकर आती-जाती है। फिलहाल सभी घायलों का इलाज कोडरमा सदर अस्पताल में चल रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *