सीहोर जिले के ग्राम सलकनपुर में सोमवार सुबह एक तालाब में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने जैसे ही शव देखा, तुरंत पुलिस को सूचना दी। जानकारी के मुताबिक, घटना देवीधाम के पास स्थित तालाब की है। अनुमान लगाया जा रहा है कि शव कई दिनों से पानी में पड़ा हुआ था और फूलने के बाद पानी की सतह पर आ गया। शव तालाब की बेल और कचरे में फंसा हुआ मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय स्वीपरों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला गया। मृतक की उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में उसके दाहिने हाथ पर ‘ॐ’ शब्द गुदा हुआ पाया गया है। एसडीओपी रवि शर्मा ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति की लाश मिलने पर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि शव की पहचान कराई जा रही है और पोस्टमार्टम के बाद ही मृत्यु के कारणों का पता चल सकेगा।


