डीडवाना जिला मुख्यालय के पीएम श्री सोन देवी बांगड़ राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में तीन दिवसीय जिला स्तरीय विज्ञान मेले का शुभारंभ हुआ। इस मेले में जिलेभर से 111 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जबकि लगभग 70 शिक्षक टीम प्रभारी के तौर पर मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षाविद और भाजपा जिला महामंत्री बुधाराम गरवा ने की। भामाशाह बाबूलाल डूडी मुख्य अतिथि रहे, जबकि सीबीईओ मैनपाल सिंह, यूसीईओ श्रवणराम मंडा, मो. फारुख, चांदमल शर्मा, शिवशंकर खारड़िया, नागेन्द्र सिंह और प्रधानाचार्य श्रुति पारीक विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। स्कूल के प्रधानाचार्य पवन कुमार शर्मा ने स्वागत भाषण दिया और कार्यक्रम प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने छात्रों से नई प्रौद्योगिकी, नवाचार और स्वदेशी तकनीक अपनाने का आह्वान किया। शर्मा ने निर्णायकों की भूमिका और विज्ञान मेले के महत्व पर भी प्रकाश डाला। मुख्य वक्ता बुधाराम गरवा ने अपने संबोधन में “ऑपरेशन सिंदूर” अभियान, स्वदेशी तकनीक और बालिका शिक्षा में बढ़ती सहभागिता की सराहना की। उन्होंने कहा, “राष्ट्र निर्माण में बालिकाओं की सक्रिय भागीदारी और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में नवाचार ही विकास का मार्ग प्रशस्त करेगा।” मेला प्रभारी प्रवीण कुमार थालौड़ ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की और सभी अतिथियों व प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। छात्रों द्वारा प्रस्तुत किए गए विज्ञान मॉडल और प्रयोगों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। यह मेला अगले दो दिनों तक जारी रहेगा, जिसके बाद विजेता प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।


