15 गायों की मौत मामले में बड़ामलहरा सीएमओ को नोटिस:एसडीम ने पूछा- कहने के बाद भी सम्मानजनक अंतिम संस्कार क्यों नहीं करवाया?

छतरपुर जिले के बड़ामलहरा में सड़क दुर्घटना में गोवंश की मृत्यु के मामले में सीएमओ नगर परिषद रामसजीवन पटेल को सोमवार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। एसडीएम आयुष जैन ने यह नोटिस मृत गोवंश का पोस्टमॉर्टम न कराने और सम्मानजनक अंतिम संस्कार न करने पर जारी किया है। सीएमओ से दो दिन के भीतर जवाब मांगा गया है। यह घटना 5 अक्टूबर 2025 को हुई थी, जब बड़ामलहरा के गंजतिराहा, बिजली कार्यालय और तहसीलदार कार्यालय के सामने एक अज्ञात वाहन ने लगभग 15 गायों को कुचल दिया था, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वाहन ड्राइवर घटना के बाद फरार हो गया। एसडीएम ने नोटिस में उल्लेख किया है कि उन्होंने दूरभाष पर मृत गोवंश का सम्मानजनक अंतिम संस्कार करने का निर्देश दिया था। हालांकि, सीएमओ कार्यालय द्वारा भ्रामक जानकारी दी गई कि शवों को गड्ढों में दबाया गया है, जबकि उन्हें गड्ढों में न दबाकर जंगल में फेंक दिया गया था। नोटिस में यह भी कहा गया है कि नगर के आवारा पशुओं को गौशालाओं में भेजने के लिए आवश्यक कदम नहीं उठाए गए हैं, जिसके कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। सीएमओ के इस कृत्य को पदीय दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही माना गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद भी पशु चिकित्सा अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। नगर परिषद कर्मियों ने मृत गायों के शवों को ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर नगर के बाहर खुले में फेंक दिया, न तो उनका पोस्टमॉर्टम कराया गया और न ही दफनाने की उचित व्यवस्था की गई। यदि सीएमओ निर्धारित समय में जवाब प्रस्तुत नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ एकतरफा कार्रवाई की जाएगी, जिसके लिए वे स्वयं जिम्मेदार होंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *