खैरथल-तिजारा कलेक्टर ने की साप्ताहिक समीक्षा बैठक:जनसुनवाई, मौसमी बीमारियों, योजनाओं पर दिए निर्देश

खैरथल-तिजारा जिला कलेक्टर किशोर कुमार की अध्यक्षता में जिला सचिवालय में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें पिछली जनसुनवाई के परिवादों, मौसमी बीमारियों की रोकथाम, बिजली-पानी की आपूर्ति और विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई। कलेक्टर ने पिछली जनसुनवाई में प्राप्त परिवादों की स्थिति, संभावित मौसमी बीमारियों की रोकथाम के उपायों और बिजली-पानी जैसी आवश्यक सेवाओं की सुचारू आपूर्ति की समीक्षा की। उन्होंने केंद्र व राज्य की फ्लैगशिप योजनाओं की अनुपालना रिपोर्ट और संपर्क पोर्टल की प्रगति का भी जायजा लिया। अधिकारियों को चुनावी प्रक्रिया के लिए एसआईआर पोर्टल पर स्वयं, अधीनस्थ कर्मचारियों और परिवारजनों का ऑनलाइन गणना फॉर्म भरने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को अपनी फ्लैगशिप योजनाओं को सही ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएम सूर्य घर योजना, पीएम स्वनिधि योजना और मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। चिकित्सा अधिकारियों को मौसम में बदलाव के मद्देनजर मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए उचित उपाय सुनिश्चित करने को कहा गया। कलेक्टर ने बीमारियों की निरंतर निगरानी, अस्पतालों में सुविधाएं बढ़ाने और मरीजों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए। जलदाय एवं विद्युत विभाग को पानी और बिजली की आपूर्ति सुचारू रखने तथा आमजन को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, कोषाधिकारी सुरेश कुमार बंसल, अधीक्षण अभियंता पीएचईडी धर्मवीर यादव, नगर परिषद आयुक्त मुकेश शर्मा, उपनिदेशक पशुपालन विभाग हवा सिंह जाट, सहायक अभियंता बिजली विभाग दिनेश भड़ाना, एसीएफ वन विभाग संजय चैधरी सहित पुलिस, राजीविका, कृषि, वन, शिक्षा और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *