रायपुर नगर निगम 74 साल बाद शहर के वाटर सप्लाई सिस्टम को ऑनलाइन करने जा रहा है। इसके लिए जल्द ही स्कॉडा तकनीक अपनाई जाएगी। इसका एक प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है, जिसे राज्य शासन को भेजा जाएगा। शासन से स्वीकृति और फंड मिलने के बाद इस नए सिस्टम को लागू करने के लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। स्कॉडा सिस्टम से पानी की चोरी, लीकेज के कारण पानी का व्यर्थ बहना रुक जाएगा। यही नहीं, लीकेज की मरम्मत इत्यादि में भी निगम के जल विभाग को ज्यादा मशक्कत नहीं करनी पड़ेगी। नगर निगम का वाटर सप्लाई सिस्टम अभी पूरी तरह मैनुअल है। फिल्टर प्लांट से पानी मेन राइजिंग लाइन के जरिए निगम के 43 टंकियों तक पहुंचता है। इन टंकियों से सप्लाई लाइन के जरिए पानी 70 वार्डों में पहुंचता है। शहर की 25 लाख आबादी को पानी पहुंचाने के लिए लगभग तीन हजार किमी की पाइपलाइन बिछाई गई है। इनमें पुरानी पाइपलाइन के अलावा केंद्र की अमृत मिशन योजना और रायपुर स्मार्ट सिटी की 24 घंटे 7 दिन पानी सप्लाई योजना भी शामिल है। स्मार्ट सिटी और 24 घंटे पानी योजना में स्कॉडा सिस्टम लागू किया गया है, लेकिन निगम की पुरानी पाइपलाइन और सप्लाई सिस्टम अभी भी मैनुअल ही ऑपरेट हो रहा है।


