भास्कर न्यूज | जालंधर पंजाब स्कूल विभाग की तरफ से जारी 69वें राज्य स्तरीय स्कूल खेल मुकाबले पंजाब के विभिन्न जिलों में करवाए जा रहे हैं। इसके तहत लायलपुर खालसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल में इंटर डिस्ट्रिक्ट ताइक्वांडो के मुकाबले खेले गए जिसमें जालंधर जिला ओवरऑल चैंपियन रहा। इस मौके पर मुख्य अतिथि डॉ. बलजीत कौर, रजनी हॉकी कोच और एडवोकेट गुरिंदर कौर विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। राज्य स्तरीय ताइक्वांडो अंडर-17, 19 लड़के व लड़कियां के टूर्नामेंट में खिलाड़ियों से मुलाकात करते हुए उन्हें खेल भावना के साथ खेलने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर डीएम स्पोर्ट्स अमनदीप कौंडल, लेक्चरर सुरिंदर कुमार, जतिंदर सिंह भी मौजूद रहे। आज टूर्नामेंट के दूसरे दिन अंडर-17 लड़कों के लिए अलग-अलग भार वर्ग में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं में विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। मीडिया प्रभारी हरजीत सिंह ने बताया कि टूर्नामेंट के दूसरे दिन 45 किलोग्राम भार वर्ग में मोहाली के विवेक ने पहला, पटियाला के खुशबीर शर्मा ने दूसरा और लुधियाना के हरमन व मानसा के अखिल कुमार ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया। 41 किलोग्राम भार वर्ग में लुधियाना के आर्यन सिंह ने पहला, अमृतसर के धैर्य महाजन ने दूसरा और पठानकोट के अक्षित शर्मा व जालंधर के गीतांश ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया। आज के मुकाबलों के बाद प्राप्त नतीजों के चलते जिला जालंधर की टीम ने ओवरऑल ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया। दूसरे स्थान पर पटियाला और तीसरे स्थान पर लुधियाना की टीम रही। इस अवसर पर टूर्नामेंट कमेटी प्रभारी निखिल हंस और अधिकारियों ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल देकर सम्मानित किया।


