कोटपूतली नगर परिषद ने दीपावली से पहले स्ट्रीट लाइटों के रखरखाव का कार्य शुरू कर दिया है। यह कार्रवाई जनसुनवाई शिविरों में मिली शिकायतों के बाद की गई है। हाल ही में आयोजित जनसुनवाई शिविरों में विभिन्न वार्डों से खराब पड़ी रोड लाइटों की कई शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। इन शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए नगर परिषद ने मरम्मत का कार्य प्रारंभ किया। भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष प्रवीण बंसल ने बताया कि वार्ड नंबर 34 में सीताराम जी के मंदिर के पास, पुराने पोस्ट ऑफिस, आजाद मार्केट, तहसील परिसर के पीछे और श्री नृसिंह जी के मंदिर के पास सहित कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त किया गया है। ठेकेदार मोहन सैनी के अनुसार, दीपावली से पूर्व नगर परिषद क्षेत्र के लगभग सभी वार्डों में लाइटों का निरीक्षण और सुधार कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इसका उद्देश्य त्योहार के दौरान नागरिकों को बेहतर प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराना है।


