कटनी में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर बवाल हो गया है। मंगलवार को भीम आर्मी और अन्य दलित संगठनों ने वकील अनिल मिश्रा के विरोध में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कटनी में अनिल मिश्रा का पुतला दहन कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने मशीन चौक से परमानंद तिराहा तक एक जुलूस निकाला, जिसमें एडवोकेट अनिल मिश्रा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष राम सूर्यवंशी ने कहा कि डॉ. अंबेडकर के प्रति ऐसी अशोभनीय टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह सीधे तौर पर समाज के एक बड़े वर्ग की भावनाओं को ठेस पहुंचाती है। जुलूस के बाद, भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार ऋषि गौतम को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में एडवोकेट अनिल मिश्रा के खिलाफ अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम (SC/ST एक्ट) के तहत मामला दर्ज करने की मांग की गई है। उन्होंने मिश्रा की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की भी मांग की। संगठन का कहना है कि ऐसे भड़काऊ बयान समाज में द्वेष और वैमनस्य फैलाते हैं, जो संविधान और सामाजिक समरसता के लिए खतरा हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही अनिल मिश्रा के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो विरोध प्रदर्शनों को और तेज किया जाएगा। पुलिस और प्रशासन से इस संवेदनशील मामले पर जल्द वैधानिक कदम उठाने की अपील की गई है।


